Sports

पोर्टो : पुर्तगाल ने कुछ विषम पलों से गुजरने के बाद गुरुवार की रात यहां तुर्की को 3-1 से हराकर कतर में इस साल के आखिर में होने वाले विश्व कप फुटबॉल के लिए क्वालीफाई करने की अपनी उम्मीदों को पंख लगाए। पुर्तगाल के प्रशंसक हालांकि तब स्तब्ध रह गए थे जब रेफरी ने 85वें मिनट में तुर्की को पेनल्टी देकर उसे बराबरी करने का मौका दिया था। लेकिन बुराक इल्माज का शॉट क्रास बार के ऊपर से निकल गया और पुर्तगाल पर आया संकट टल गया।

पुर्तगाल के लिए एडमिलसन ने 15वें और डिएगो जोटा ने 42वें मिनट में गोल किए। इल्माज ने 65वें मिनट में गोल दागकर तुर्की की उम्मीद जगाई लेकिन वह पेनल्टी से चूक गए और पुर्तगाल के मैथियास नुनेस इंजुरी टाइम में अपनी टीम के लिए तीसरा गोल करने में सफल रहे। इस जीत से पुर्तगाल और क्रिस्टियानो रोनाल्डो एक और विश्व कप में जगह बनाने के करीब पहुंच गए। उसे यूरोपीय क्वालीफाईंग के प्लेऑफ फाइनल में मंगलवार को अपनी धरती पर उत्तरी मेसेडोनिया से भिड़ना है जिसने इटली को 1-0 से हराकर सनसनी फैला दी थी।