Sports

नेशनल डेस्क : महिला एशिया कप 2026 के 9वें मुकाबले में भारत के खिलाफ पहले बल्लेबाजी करने उतरी पाकिस्तान की टीम मुश्किल में फंस गई है। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला करने वाली पाकिस्तानी टीम ने महज 46 रन के स्कोर पर अपने 7 विकेट गंवा दिए हैं। भारत की श्री चरणी ने शानदार गेंदबाजी करते हुए महज दो ओवर के अंदर तीन विकेट चटकाकर पाकिस्तान के टॉप ऑर्डर को पूरी तरह तहस-नहस कर दिया।

इस मुकाबले में पाकिस्तान की कप्तान फातिमा सना ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया था। हालांकि, भारतीय गेंदबाजों के सामने पाकिस्तानी बल्लेबाज टिक नहीं सके और लगातार विकेट गिरते चले गए। श्री चरणी की घातक गेंदबाजी ने पाकिस्तान पर शुरुआती दबाव और बढ़ा दिया।

हरमनप्रीत कौर ने बनाया ऐतिहासिक रिकॉर्ड

इस मुकाबले में भारतीय कप्तान हरमनप्रीत कौर ने एक बड़ी उपलब्धि हासिल की है। बतौर कप्तान यह उनका 150वां T20I मुकाबला है। इसके साथ ही हरमनप्रीत कौर पुरुष और महिला क्रिकेट में 150 T20I मैचों में कप्तानी करने वाली पहली खिलाड़ी बन गई हैं। इस सूची में श्रीलंका की चमारी अथापथु दूसरे स्थान पर हैं, जिन्होंने 121 T20I मैचों में अपनी टीम की कप्तानी की है। दोनों टीमों ने इस मुकाबले के लिए अपनी प्लेइंग इलेवन में कोई बदलाव नहीं किया है।

दोनों टीमों की प्लेइंग इलेवन

भारत : स्मृति मंधाना, शैफाली वर्मा, प्रतिका रावल, हरमनप्रीत कौर (कप्तान), भारती फुलमाली, ऋचा घोष (विकेटकीपर), दीप्ति शर्मा, प्रेमा रावत, नंदनी शर्मा, श्री चरणी, क्रांति गौड़।
पाकिस्तान : मुनीबा अली (विकेटकीपर), शावाल जुल्फिकार, गुल फिरोजा, आयशा जफर, सदफ शमास, फातिमा सना (कप्तान), उम्म-ए-हानी, एयमान फातिमा, तुबा हसन, नाशरा संधू, सादिया इकबाल।