Sports

दुबई : मुंबई इंडियंस एमिरेट्स के कप्तान निकोलस पूरन ने गुरुवार को स्वीकार किया कि मुंबई इंडियंस फ्रेंचाइजी के लिए खेलना बहुत दबाव भरा होता है लेकिन उनकी टीम शुक्रवार से यहां शुरू होने वाले आगामी आईएलटी20 (अंतरराष्ट्रीय लीग टी20) टूर्नामेंट के लिए तैयार है। छह टीमों की प्रतियोगिता में हाल ही में संन्यास लेने वाले आस्ट्रेलियाई खिलाड़ी डेविड वार्नर भी खेल रहे हैं। 


पूरन ने कप्तानों की प्रेस कांफ्रेंस के के दौरान कहा कि मुंबई फ्रेंचाइजी का हिस्सा होना शानदार अनुभव है। यह फ्रेंचाइजी लगभग एक दशक से टी20 क्रिकेट से जुड़ी हुई है और हर कोई जानता है कि मुंबई शायद सबसे अच्छी फ्रेंचाइजी में से एक है। उन्होंने कहा कि यह बस चुनौती स्वीकार करने के बारे में है। एक ग्रुप के तौर पर हम जहां तक संभव हो सफल होने की पूरी कोशिश करते हैं।


पूरन ने कहा कि हां, मुंबई का प्रतिनिधित्व करना और खेलना बहुत दबाव भरा है। लेकिन यही इसकी खूबसूरती भी है। खिलाड़ी उस चुनौती को स्वीकार करते हैं। हम बतौर ग्रुप इस टूर्नामेंट के लिए तैयार हैं। हम उत्साहित हैं और हम सफल होना चाहते हैं, लेकिन हम जानते हैं कि यह आसान नहीं होगा।


मुंबई अमीरात (रिलायंस इंडस्ट्रीज) के अलावा अन्य टीमों में अबुधाबी नाइट राइडर्स (कोलकाता नाइट राइडर्स), डेजर्ट वाइपर्स (लांसर कैपिटल), दुबई कैपिटल्स (जीएमआर), गल्फ जाइंट्स (अडानी स्पोटर्सलाइन) और शारजाह वारियर्स (कैप्री ग्लोबल) शामिल है। वॉर्नर, बोल्टऔर ब्रावो के साथ इसमें सुनील नारायण, आंद्रे रसेल, कोरी एंडरसन, दासुन शनाका, रहमानुल्लाह गुरबाज, सैम बिलिंग्स, क्रिस वोक्स और मार्टिन गुप्टिल भी खेलेंगे। पहला सत्र गल्फ जाइंट्स ने जीता था । टूर्नामेंट का पहला मैच शारजाह वारियर्स और गल्फ जाइंट्स के बीच 19 जनवरी को खेला जाएगा।