Sports

स्पोर्ट्स डैस्क : चेन्नई सुपर किंग्स के कप्तान महेंद्र सिंह धोनी जहां आईपीएल 2023 में हर मैच में सुर्खियां बटोर रहे हैं तो इस बीच उनसे जुड़ी एक बड़ी खबर सामने आई है। दरअसल, धोनी एक बार फिर सिनेमाघरों में छाने जा रहे हैं। उनकी फिल्म एक बार फिर दर्शकों के लिए सिनेमाघरों में लगने वाली है, जिसके देखने के लिए फैंस अब बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। 

जी हां..दिवंगत सुशांत सिंह राजपूत स्टारर फिल्म एमएस धोनी की बायोपिक 'एमएस धोनी: द अनटोल्ड स्टोरी' एक बार फिर सिनेमाघरों में रिलीज होने के लिए तैयार है। फिल्म को 12 मई को पर्दे पर लाया जाएगा जो हिंदी, तमिल और तेलुगू भाषा में होगी। यह खबर सामने आते ही फैंस की खुशी का ठिकाना नहीं रहा। नीरज पांडे द्वारा निर्देशित इस फिल्म में सुशांत सिंह राजपूत के अलावा कियारा आडवाणी, दिशा पाटनी, भूमिका चावला और अनुपम खेर ने रोल निभाया है।

वैसे तो ये फिल्म 2016 में रिलीज हुई थी। तब सुशांत सिंह ने जिस अंदाज में रोल निभाया था, उसने फिल्म में धोनी की कमी महसूस ही नहीं होने दी। उनकी एक्टिंग ऐसी थी कि मानों सच में धोनी ही खुद अपना रोल निभा रहे हों। फिल्म को काफी पसंद किया गया था, जिसमें भारत के सबसे सफल क्रिकेट कप्तान एमएस धोनी के क्रिकेट करियर के सफल को दिखाया गया था। इसी के बारे में बात करते हुए डिज्नी स्टार के हेड स्टूडियो, बिक्रम दुग्गल ने कहा, 'इस री-रिलीज का उद्देश्य देश भर में अपने प्रशंसकों को क्रिकेट के सबसे जादुई पलों को बड़े पर्दे पर फिर से जीने का एक और मौका देना है।'

फिलहाल यह धोनी का आखिरी आईपीएल सीजन माना जा रहा है। धोनी की कप्तानी में चेन्नई शानदार प्रदर्शन कर रही है। साथ ही खुद कप्तान भी अंतिम समय में क्रीज पर आकर लंबे-लंबे छक्के लगाते हुए फैंस का दिल जीत रहे हैं।