कोलंबो: भारत और श्रीलंका के बीच खेले जा रहे दूसरे टेस्ट मैच में अब तक बल्ले और गेंद के साथ-साथ खिलाड़ियों के बीच स्लेजिंग और तीखी नोकझोंक भी देखने को मिली है। तीसरे दिन का खेल खत्म होने के बाद भारत के गेंदबाजी कोच मोर्ने मोर्केल ने इस मुद्दे पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि मैदान पर थोड़ा-बहुत मजाक और प्रतिस्पर्धी माहौल खेल का हिस्सा है, लेकिन खिलाड़ियों को आचार संहिता के दायरे में रहना चाहिए और खेल का सम्मान करना चाहिए।
जायसवाल-फर्नांडो समेत तीन खिलाड़ियों पर हो चुकी है कार्रवाई
कोलंबो टेस्ट के पहले दिन यशस्वी जायसवाल और श्रीलंका के तेज गेंदबाज असिथा फर्नांडो के बीच तीखी बहस देखने को मिली थी। फर्नांडो ने जायसवाल का विकेट लेने के बाद कुछ कहा, जिस पर भारतीय ओपनर भी उनकी ओर मुड़े और दोनों के बीच कहासुनी हो गई। इस घटना के बाद ICC ने दोनों खिलाड़ियों पर मैच फीस का 25 प्रतिशत जुर्माना लगाया और एक-एक डिमेरिट अंक भी दिया। दूसरे दिन श्रीलंका के स्पिनर प्रभात जयसूर्या भी एक फैसले से नाराज नजर आए थे और बाउंड्री के पास अपना गुस्सा जाहिर किया था। इसके लिए ICC ने उन्हें भी फटकार लगाई।
तीसरे दिन भी जारी रही स्लेजिंग
तीसरे दिन भी मैदान पर स्लेजिंग का सिलसिला जारी रहा। भारतीय टीम के स्थानापन्न खिलाड़ी सरफराज खान ने श्रीलंका के कप्तान धनंजय डी सिल्वा और विकेटकीपर-बल्लेबाज निरोशन डिकवेला को निशाना बनाते हुए कुछ टिप्पणियां कीं। इसके बाद भारत के गेंदबाजी कोच मोर्ने मोर्केल ने इसे दोनों टीमों के बीच होने वाली सामान्य नोकझोंक बताया।
मोर्केल ने तीसरे दिन का खेल समाप्त होने के बाद कहा, 'मुझे लगता है कि यहां की गर्मी और उमस कभी-कभी खिलाड़ियों पर हावी हो जाती है। हालांकि हमें आचार संहिता के तहत खेलना चाहिए और खेल का सम्मान करना चाहिए, लेकिन खिलाड़ियों के बीच थोड़ा-बहुत मजाक और नोकझोंक देखना हमेशा अच्छा लगता है। इससे खेल में लड़ने और प्रतिस्पर्धा करने का जज्बा सामने आता है।'
तीसरे दिन 265/8 पर पहुंची श्रीलंका की टीम
मैच की बात करें तो तीसरे दिन का खेल बारिश के कारण समय से पहले समाप्त करना पड़ा। श्रीलंका ने दूसरे दिन के 8/2 के स्कोर से आगे खेलते हुए 83.4 ओवर में 8 विकेट पर 265 रन बना लिए। मेजबान टीम अभी भारत से 238 रन पीछे है और उसके दो विकेट बाकी हैं। श्रीलंका को फॉलोऑन से बचने के लिए अभी 39 रन और बनाने होंगे। भारत ने पहली पारी में 9 विकेट पर 503 रन बनाकर पारी घोषित की थी।
सूरियाबंदारा के बाद दिनुशा ने संभाली पारी
पसिंदु सूरियाबंदारा ने श्रीलंका की पारी को संभालते हुए 80 रन की महत्वपूर्ण पारी खेली। उनके आउट होने के बाद सोनल दिनुशा ने एक छोर संभाले रखा। दिनुशा तीसरे दिन का खेल खत्म होने तक 137 गेंदों में 85 रन बनाकर नाबाद रहे। डिकवेला के विकेट के बाद भारत को उम्मीद थी कि वह श्रीलंका की पारी तीसरे दिन ही समेट देगा, लेकिन निचले क्रम के बल्लेबाजों ने भारतीय गेंदबाजों को निराश किया। केशारा नुवंथा ने 74 गेंदों में 18 रन बनाकर दिनुशा का साथ दिया, जबकि लाहिरू कुमारा ने भी 50 गेंदें खेलकर सिर्फ 8 रन बनाए।
दिनुशा के पास दूसरे टेस्ट शतक का मौका
सोनल दिनुशा शानदार फॉर्म में नजर आ रहे हैं और अब उनके पास इस सीरीज में अपना दूसरा टेस्ट शतक पूरा करने का मौका होगा। चौथे दिन श्रीलंका की कोशिश पहले फॉलोऑन से बचने और फिर भारत की बढ़त को कम करने की होगी।
फॉलोऑन पर फैसला ले सकते हैं गिल
मोर्ने मोर्केल ने फॉलोऑन लागू करने की संभावना से पूरी तरह इनकार नहीं किया है, लेकिन भारतीय कप्तान शुभमन गिल दूसरी पारी में बल्लेबाजी कर बड़ा लक्ष्य देने का विकल्प चुन सकते हैं। हालांकि बारिश की संभावना भी भारतीय टीम के लिए चिंता का विषय हो सकती है।
भारत को वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप 2025-27 की अंक तालिका में ऊपर जाने के लिए इस मैच में जीत की जरूरत है। ऐसे में टीम इंडिया चौथे दिन श्रीलंका की पारी जल्द समेटकर मैच पर अपनी पकड़ और मजबूत करने की कोशिश करेगी।