स्पोर्ट्स डेस्क: Mohammed Shami ने टीम इंडिया में चयन को लेकर चल रही बहस के बीच बड़ा बयान दिया है। लगातार शानदार प्रदर्शन के बावजूद राष्ट्रीय टीम से बाहर चल रहे शमी ने अपने अंदाज में जवाब दिया। उन्होंने कहा, 'हम मजदूर आदमी हैं, हमें बस गेंद डालनी है। जिंदगी में उतार-चढ़ाव आते रहते हैं, लेकिन मेहनत कभी नहीं छोड़नी चाहिए।'
IPL में शानदार प्रदर्शन से किया प्रभावित
आईपीएल 2026 में Lucknow Super Giants के लिए खेलते हुए शमी ने हाल ही में सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ मैच जिताऊ प्रदर्शन किया। उन्होंने 2 विकेट लेकर सिर्फ 9 रन दिए और 18 डॉट बॉल डालीं। इस शानदार गेंदबाजी की बदौलत Rishabh Pant की कप्तानी वाली टीम को सीजन की पहली जीत मिली।
ईडन गार्डन्स पर खेलने को लेकर उत्साहित
अब शमी अपने ‘होम ग्राउंड’ Eden Gardens में Kolkata Knight Riders के खिलाफ खेलने को तैयार हैं। उन्होंने कहा, 'ईडन गार्डन्स पर खेलने का हमेशा फायदा मिलता है। यहां की पिच और कंडीशन को मैं अच्छी तरह समझता हूं, इसलिए लोकल होने का थोड़ा एडवांटेज जरूर रहेगा।'
घरेलू क्रिकेट में भी लगातार शानदार प्रदर्शन
चोट से वापसी के बाद शमी ने घरेलू क्रिकेट में भी दमदार प्रदर्शन किया है। रणजी ट्रॉफी में वह टॉप विकेट-टेकर्स में शामिल रहे और 37 विकेट झटके। उनकी गेंदबाजी ने बंगाल को सेमीफाइनल तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई, जहां उन्होंने एक मैच में 8/90 का शानदार प्रदर्शन भी किया।
‘कर्मभूमि’ बंगाल के लिए खेलना जारी रखेंगे
शमी ने बंगाल के साथ अपने जुड़ाव को खास बताते हुए कहा कि यह उनकी ‘कर्मभूमि’ है। उन्होंने साफ किया कि जब तक उनके अंदर खेलने की ताकत है, वह बंगाल के लिए खेलते रहेंगे। उन्होंने कहा, 'मैं किसान परिवार से हूं और अपनी जड़ों को नहीं भूला हूं। जब तक मेरे अंदर खेलने की जान है, मैं बंगाल के लिए खेलता रहूंगा।'
सोशल मीडिया और ‘फैंसी चीजों’ पर भी दिया संदेश
शमी ने आज के खिलाड़ियों को सलाह देते हुए कहा कि ज्यादा ‘फैंसी चीजों’ के पीछे भागना नुकसानदायक हो सकता है। उन्होंने कहा, 'अगर आप फैंसी चीजों के पीछे ज्यादा भागेंगे, तो वही आपकी कमजोरी बन जाएगी। आजकल हर कोई सोशल मीडिया के पीछे भाग रहा है।'