स्पोर्ट्स डेस्क: देहरादून के महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स कॉलेज स्थित त्रिशूल शूटिंग रेंज में आयोजित ग्रुप-ए राइफल और पिस्टल निशानेबाजों के लिए राष्ट्रीय चयन ट्रायल-4 में पूर्व एशियाई खेल चैंपियन राही सरनोबत ने शानदार प्रदर्शन करते हुए महिलाओं की 25 मीटर पिस्टल T4 फाइनल प्रतियोगिता का खिताब अपने नाम किया। राही ने पूरे मुकाबले में नियंत्रण बनाए रखा और 37 हिट्स के साथ शीर्ष स्थान हासिल किया।
मनु भाकर ने जीता रजत पदक
दो बार की ओलंपिक पदक विजेता मनु भाकर ने 35 हिट्स के साथ दूसरा स्थान हासिल कर रजत पदक जीता। वहीं कर्नाटक की दिव्या टी.एस. 29 हिट्स के साथ तीसरे स्थान पर रहीं और कांस्य पदक अपने नाम किया। फाइनल में तमिलनाडु की निवेदिता वी. नायर चौथे और ओलंपियन रिदम सांगवान पांचवें स्थान पर रहीं।
क्वालिफिकेशन में चिंकी यादव थीं सबसे आगे
क्वालिफिकेशन राउंड में मध्य प्रदेश की चिंकी यादव ने 586-22x के स्कोर के साथ पहला स्थान हासिल किया था, लेकिन फाइनल में वह लय बरकरार नहीं रख सकीं और आठवें स्थान पर रहीं। मनु भाकर ने 584-16x के स्कोर के साथ दूसरा स्थान हासिल किया, जबकि पंजाब की अर्शदीप कौर और राही सरनोबत ने क्रमशः 579-20x और 579-18x स्कोर किए।
राष्ट्रीय रैंकिंग में ईशा सिंह बरकरार नंबर-1
विश्व रिकॉर्डधारी और ISSF वर्ल्ड कप म्यूनिख 2026 की स्वर्ण पदक विजेता ईशा सिंह इस ट्रायल में हिस्सा नहीं लेने के बावजूद राष्ट्रीय रैंकिंग में शीर्ष स्थान पर बनी हुई हैं। मनु भाकर दूसरे स्थान पर कायम हैं, जबकि राही सरनोबत तीसरे स्थान पर पहुंच गई हैं। दिव्या टी.एस. चौथे और रिदम सांगवान पांचवें स्थान पर हैं।
एशियाई खेलों की तैयारी के लिए अहम हैं ट्रायल्स
राइफल और पिस्टल के ये ट्रायल्स इस साल होने वाले ऐची-नागोया एशियाई खेलों के लिए बेहद महत्वपूर्ण माने जा रहे हैं। एशियाई खेलों की 28 शूटिंग स्पर्धाओं में भारत का प्रतिनिधित्व करने के लिए 15 पुरुष और 15 महिला निशानेबाजों का चयन किया जाएगा। शॉटगन टीम पहले ही घोषित की जा चुकी है, जबकि राइफल और पिस्टल टीम का चयन इन ट्रायल्स के बाद होगा।
मंगलवार को होंगे चार बड़े फाइनल
राष्ट्रीय चयन ट्रायल्स का रोमांच मंगलवार को भी जारी रहेगा। अगले दिन पुरुष और महिला 10 मीटर एयर पिस्टल तथा पुरुष और महिला 50 मीटर राइफल थ्री-पोजीशन स्पर्धाओं के फाइनल मुकाबले खेले जाएंगे।