Sports

स्पोर्ट्स डेस्क: मुंबई इंडियंस (MI) के बल्लेबाजी कोच कीरोन पोलार्ड ने IPL 2026 में टीम के निराशाजनक प्रदर्शन के बाद कप्तान हार्दिक पंड्या की लीडरशिप को लेकर बड़ा बयान दिया है। पांच बार की चैंपियन मुंबई इंडियंस इस सीजन पॉइंट्स टेबल में नौवें स्थान पर रही और प्लेऑफ की रेस से काफी पहले बाहर हो गई।

वानखेड़े स्टेडियम में राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ 30 रन की हार के साथ MI का अभियान खत्म हुआ। टीम पूरे सीजन में सिर्फ चार मुकाबले जीत सकी। रोहित शर्मा, सूर्यकुमार यादव, जसप्रीत बुमराह, तिलक वर्मा और हार्दिक पंड्या जैसे स्टार खिलाड़ियों के बावजूद मुंबई इंडियंस लय हासिल नहीं कर सकी।

हार्दिक की कप्तानी पर पोलार्ड का बड़ा बयान

मैच के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में कीरोन पोलार्ड ने माना कि हार्दिक पंड्या के लिए यह सीजन कप्तान के तौर पर अच्छा नहीं रहा।

पोलार्ड ने कहा, 'लीडरशिप के नजरिए से देखें तो हार्दिक के लिए यह वैसा सीजन नहीं रहा जैसा वह चाहते थे। मैनेजमेंट की उम्मीदों पर भी टीम खरी नहीं उतर सकी।' उन्होंने यह भी कहा कि फ्रेंचाइजी ने हार्दिक को सफल कप्तान बनाने के लिए हर संभव समर्थन दिया।

सिर्फ हार्दिक को दोष देना गलत

पोलार्ड ने साफ किया कि टीम की असफलता का पूरा जिम्मा सिर्फ हार्दिक पंड्या पर नहीं डाला जा सकता। उनके मुताबिक यह सामूहिक विफलता रही। उन्होंने कहा, 'हार के बाद किसी एक खिलाड़ी को जिम्मेदार ठहराना सही नहीं है। खिलाड़ी, कोचिंग स्टाफ और मैनेजमेंट, सभी ने कोशिश की लेकिन चीजें हमारे मुताबिक नहीं हुईं।'

क्या अगले सीजन में बदलेगा कप्तान?

हार्दिक पंड्या अगले सीजन में मुंबई इंडियंस की कप्तानी करेंगे या नहीं, इस सवाल पर पोलार्ड ने सीधा जवाब नहीं दिया। उन्होंने कहा, 'अब टीम मैनेजमेंट बैठकर समीक्षा करेगा। आगे क्या होगा, यह अभी कहना मुश्किल है।' पोलार्ड के इस बयान के बाद हार्दिक की कप्तानी को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं।

बुमराह को आराम देने की वजह भी बताई

पोलार्ड ने जसप्रीत बुमराह को आखिरी लीग मैच में आराम देने के फैसले का भी बचाव किया। उन्होंने कहा कि बुमराह भारतीय क्रिकेट की अहम संपत्ति हैं और बेकार के मैच में जोखिम लेना सही नहीं था।

‘क्या होता अगर...’ वाला सीजन रहा MI के लिए

पोलार्ड ने IPL 2026 को मुंबई इंडियंस के लिए “मिस्ड ऑपर्च्युनिटीज” वाला सीजन बताया। उनके मुताबिक टीम अहम मौकों पर लगातार जीत हासिल नहीं कर पाई और अंत में वही स्थान मिला जिसकी टीम हकदार थी।

NO Such Result Found