Sports

स्पोर्ट्स डेस्क: रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) को IPL 2026 का लगातार दूसरा खिताब दिलाने वाले विराट कोहली की तारीफ अब क्रिकेट जगत से निकलकर राजनीतिक गलियारों तक पहुंच गई है। ऑस्ट्रेलिया के उपप्रधानमंत्री और रक्षा मंत्री रिचर्ड मार्ल्स ने भारतीय स्टार बल्लेबाज को लेकर बड़ा बयान दिया है। मार्ल्स ने कहा कि मौजूदा समय में विराट कोहली ऑस्ट्रेलिया में बेहद लोकप्रिय हैं और वहां उनका नाम हर क्रिकेट प्रशंसक की जुबान पर है।

'ऑस्ट्रेलिया में विराट कोहली बहुत बड़ा नाम'

1 जून को आयोजित 'मनोबल' कार्यक्रम में बोलते हुए रिचर्ड मार्ल्स ने भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच क्रिकेट संबंधों का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि दोनों देशों के बीच क्रिकेट सिर्फ एक खेल नहीं, बल्कि एक साझा जुनून है।

मार्ल्स ने कहा, 'विराट कोहली इस समय ऑस्ट्रेलिया में बहुत बड़ा नाम हैं। जब मैं बड़ा हो रहा था तब मुझे भारत के कप्तान बिशन सिंह बेदी याद हैं। उस दौर के वे बड़े सितारे थे। आज विराट कोहली उन खिलाड़ियों में शामिल हैं जिन्हें ऑस्ट्रेलिया में हर कोई जानता है।'

कपिल देव के भी हुए मुरीद

रिचर्ड मार्ल्स ने भारत के महान ऑलराउंडर कपिल देव की भी जमकर प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि कपिल देव जैसे दिग्गज के साथ मंच साझा करना उनके लिए गर्व की बात है। उन्होंने कहा, 'कपिल देव जैसे महान खिलाड़ी के साथ खड़ा होना मेरे लिए रोमांचक अनुभव है। भारत और ऑस्ट्रेलिया के रिश्ते इस समय अपने सर्वश्रेष्ठ दौर में हैं और क्रिकेट इस रिश्ते की सबसे मजबूत कड़ी है।'

IPL 2026 फाइनल में चमके थे विराट

विराट कोहली ने IPL 2026 फाइनल में गुजरात टाइटंस के खिलाफ शानदार बल्लेबाजी करते हुए 42 गेंदों में नाबाद 75 रन बनाए थे। उनकी मैच जिताऊ पारी की बदौलत RCB ने 156 रन का लक्ष्य आसानी से हासिल कर लिया। इस जीत के साथ RCB लगातार दो IPL खिताब जीतने वाली तीसरी टीम बन गई। इससे पहले केवल मुंबई इंडियंस और चेन्नई सुपर किंग्स ही यह उपलब्धि हासिल कर पाई थीं।

ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ियों का भी रहा बड़ा योगदान

मार्ल्स ने RCB की जीत में ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ियों जोश हेजलवुड और टिम डेविड के योगदान का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि RCB की सफलता भारत और ऑस्ट्रेलिया के मजबूत क्रिकेट संबंधों का शानदार उदाहरण है। उन्होंने कहा, 'विराट कोहली ने नाबाद 75 रन बनाए और प्लेयर ऑफ द मैच बने, लेकिन उनके साथ जोश हेजलवुड और टिम डेविड जैसे ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ी भी थे। यह भारत और ऑस्ट्रेलिया के रिश्तों की खूबसूरत झलक है।'

लगातार बढ़ रहा है विराट का कद

मैदान पर रिकॉर्ड तोड़ प्रदर्शन और मैदान के बाहर वैश्विक लोकप्रियता के दम पर विराट कोहली लगातार नई ऊंचाइयों को छू रहे हैं। IPL 2026 में खिताबी जीत के बाद ऑस्ट्रेलिया के शीर्ष नेता की ओर से मिली यह तारीफ उनकी बढ़ती अंतरराष्ट्रीय पहचान का एक और बड़ा उदाहरण है।