Sports

स्पोर्ट्स डेस्क : भारत-पाकिस्तान मुकाबले से पहले बयानबाजी तेज हो गई है। पाकिस्तान के पूर्व तेज गेंदबाज Mohammad Amir ने एक बार फिर भारतीय युवा बल्लेबाज Abhishek Sharma को ‘स्लॉगर’ करार दिया है। पाकिस्तानी शो हरना मना है में बातचीत के दौरान आमिर ने कहा कि वह अपने बयान से पीछे नहीं हटेंगे, चाहे कितनी भी आलोचना क्यों न हो।

‘स्लॉगर’ कहने के पीछे क्या तर्क?

आमिर का मानना है कि अभिषेक शर्मा की आक्रामक बल्लेबाजी छोटे मैदानों और सपाट पिचों का नतीजा है।

उन्होंने कहा, 'वह स्लॉगर हैं, मैं उन्हें ऐसे ही देखता हूं। जो खिलाड़ी लाइन को जज नहीं कर सकता और गेंद को सही तरह डिफेंड नहीं कर सकता, उसे मैं पूरा बल्लेबाज कैसे कहूं? अभी वह आते हैं और जोर से शॉट खेलते हैं, जो फिलहाल काम कर रहा है।' आमिर ने आगे कहा कि असली परीक्षा तब होगी जब अभिषेक दक्षिण अफ्रीका, न्यूजीलैंड और इंग्लैंड जैसे देशों में स्विंग होती गेंद का सामना करेंगे। 'अगर वह वहां सफल होते हैं, तो मैं सबसे पहले उन्हें सही मायने में बल्लेबाज कहूंगा।'

विराट कोहली से तुलना

आमिर ने स्पष्ट किया कि उनकी आलोचना भारतीय खिलाड़ियों के खिलाफ पूर्वाग्रह नहीं है। उन्होंने Virat Kohli को इस पीढ़ी का महान खिलाड़ी बताया, लेकिन अभिषेक के मामले में अपनी राय पर कायम रहे। 'मेरे लिए विराट कोहली इस दौर के महान खिलाड़ी हैं, लेकिन अभिषेक अभी स्लॉगर हैं,' आमिर ने दोहराया।

अहमद शहजाद की संतुलित राय

इस चर्चा में पूर्व पाकिस्तानी बल्लेबाज Ahmed Shehzad ने संतुलित नजरिया पेश किया। उन्होंने कहा कि आमिर एक गेंदबाज के तौर पर तकनीकी कमियां देखते हैं, इसलिए उनकी राय उसी आधार पर है।

शहजाद ने कहा, 'यह व्यक्तिगत राय है। मुझे अभिषेक पसंद हैं, लेकिन आमिर को लगता है कि वह उन्हें आउट कर सकते हैं। हर किसी को अपनी राय रखने का हक है।'

IND vs PAK से पहले बढ़ा दबाव

टी20 वर्ल्ड कप 2026 में कोलंबो में होने वाले भारत-पाकिस्तान मुकाबले से पहले यह बयान चर्चा का विषय बन गया है। अभिषेक फिलहाल पेट की तकलीफ से उबर रहे हैं, लेकिन अगर वह मैदान पर उतरते हैं तो सभी की नजरें उनके प्रदर्शन पर होंगी। अब देखना दिलचस्प होगा कि क्या अभिषेक अपने बल्ले से जवाब देंगे या आमिर की आलोचना चर्चा का हिस्सा बनी रहेगी।