Sports

स्पोर्ट्स डेस्कः आईपीएल 2026 के 39वें मुकाबले में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) के स्टार बल्लेबाज विराट कोहली ने क्रिकेट जगत में एक नया इतिहास रच दिया है। दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ खेलते हुए विराट कोहली ने आईपीएल करियर की 267वीं पारी में 9000 रन पूरे करने का गौरव हासिल किया। इस जादुई आंकड़े तक पहुंचने वाले वह लीग के इतिहास के इकलौते खिलाड़ी हैं।

छक्के के साथ पूरा किया कीर्तिमान
विराट कोहली ने अपनी इस ऐतिहासिक पारी के दौरान 11 रन बनाते ही यह उपलब्धि हासिल की, और खास बात यह रही कि उन्होंने 9000वें रन की दहलीज छक्के के साथ पार की। कोहली के आंकड़ों के सामने बाकी दिग्गज खिलाड़ी काफी पीछे नजर आते हैं; इस सूची में रोहित शर्मा दूसरे स्थान पर तो हैं, लेकिन वह विराट के रनों के अंबार से अभी बहुत दूर हैं।

आईपीएल में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज 

विराट कोहली- 9012 रन 
रोहित शर्मा- 7183 रन
शिखर धवन- 6769 रन
डेविड वॉर्नर- 6565 रन 
केएल राहुल- 5580 रन

दिल्ली और चेन्नई के खिलाफ भी 'किंग' का दबदबा
विराट कोहली अब आईपीएल में किसी एक टीम के खिलाफ सबसे ज्यादा रन बनाने के मामले में भी शीर्ष पर काबिज हैं। उन्होंने सीएसके के खिलाफ सबसे ज्यादा 1174 रन बनाए हैं, जबकि दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ उनके अब 1172 रन हो गए हैं।

आरसीबी की एकतरफा जीत
मैच की बात करें तो आरसीबी ने दिल्ली कैपिटल्स से अपनी पिछली हार का बदला लेते हुए उन्हें 9 विकेट से करारी शिकस्त दी। दिल्ली की टीम पहले बल्लेबाजी करते हुए महज 16.3 ओवर में 75 रनों पर सिमट गई थी। आरसीबी के गेंदबाजों ने घातक प्रदर्शन किया, जिसमें जोश हेजलवुड ने 4 और भुवनेश्वर कुमार ने 3 विकेट चटकाए।

जवाब में, आरसीबी ने केवल 6.3 ओवर में ही 1 विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया। विराट कोहली 23 रन और देवदत्त पडिक्कल 34 रन बनाकर नाबाद रहे। इस जीत के साथ बेंगलुरु ने सीजन की अपनी छठी जीत दर्ज की है, वहीं दिल्ली को पांचवीं हार का सामना करना पड़ा।