Sports

स्पोर्ट्स डेस्क : इंडियन प्रीमियर लीग में कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) और पंजाब किंग्स (PBKS) के बीच खेला गया मुकाबला बारिश की वजह से रद्द कर दिया गया। लगातार बारिश और गीले मैदान के चलते मैच दोबारा शुरू नहीं हो सका, जिसके बाद दोनों टीमों को 1-1 अंक देकर मुकाबला समाप्त घोषित किया गया।

खराब शुरुआत के बाद आई बारिश

टॉस जीतकर KKR के कप्तान अजिंक्य रहाणे ने पहले बल्लेबाजी का फैसला लिया, जो काफी चौंकाने वाला था क्योंकि मौसम ओवरकास्ट था। टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही और उसने महज 16 रन पर फिन एलन और कैमरन ग्रीन के विकेट गंवा दिए। 3.4 ओवर के बाद KKR का स्कोर 25 रन था, तभी बारिश शुरू हो गई और खेल रोकना पड़ा।

मैदान तैयार करने की कोशिश नाकाम

करीब रात 10:30 बजे बारिश तो रुक गई, लेकिन मैदान खेलने लायक नहीं बन पाया। पूरे ग्राउंड को कवर्स से ढका गया था, लेकिन उन पर जमा पानी के कारण हालात सुधर नहीं सके। ग्राउंड स्टाफ ने काफी कोशिश की, लेकिन अंत में अंपायर्स ने मैच रद्द करने का फैसला लिया।

रहाणे का टॉस फैसला चर्चा में

अजिंक्य रहाणे का पहले बल्लेबाजी करने का फैसला मैच से पहले ही चर्चा का विषय बन गया था। आमतौर पर ऐसे मौसम में टीमें पहले गेंदबाजी चुनती हैं, लेकिन रहाणे ने अलग रणनीति अपनाई।

चोटिल खिलाड़ियों से जूझ रही थी KKR

रहाणे ने बताया कि टीम दो बदलाव के साथ उतरी थी। वरुण चक्रवर्ती पिछले मैच में कैच लेते समय चोटिल हो गए थे, जबकि सुनील नरेन भी चोट के कारण उपलब्ध नहीं थे। इस वजह से KKR अपने दोनों प्रमुख स्पिनरों के बिना मैदान में उतरी।

प्लेइंग XI 

कोलकाता नाइट राइडर्स : फिन एलन, अजिंक्य रहाणे (कप्तान), कैमरून ग्रीन, अंगकृष रघुवंशी (विकेटकीपर), रोवमैन पॉवेल, रिंकू सिंह, रमनदीप सिंह, अनुकूल रॉय, नवदीप सैनी, वैभव अरोड़ा, कार्तिक त्यागी 

पंजाब किंग्स : प्रभसिमरन सिंह (विकेटकीपर), श्रेयस अय्यर (कप्तान), कूपर कोनोली, नेहल वढेरा, शशांक सिंह, मार्कस स्टोइनिस, मार्को जानसन, जेवियर बार्टलेट, विजयकुमार विशक, अर्शदीप सिंह, युजवेंद्र चहल

NO Such Result Found