Sports

खेल डैस्क : पूर्व ऑस्ट्रेलियाई ऑलराउंडर से कमेंटेटर बने मार्क वॉ (Mark Waugh) ने सूर्यकुमार यादव (Suryakumar Yadav) की रोमांचक पारी की प्रशंसा की। रविवार को इंदौर के होलकर क्रिकेट स्टेडियम में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ दूसरा वनडे में छठे नंबर पर बल्लेबाजी करने आए सूर्यकुमार ने 24 गेंदों पर अर्धशतक जड़ा और 37 गेंदों पर 72 रन बनाकर नाबाद रहे। शुभमन गिल और श्रेयस अय्यर के शतक से भारतीय टीम ने पहले खेलते हुए पांच विकेट के नुकसान पर 399 रन बनाए थे।

 

बहरहाल वॉ ने कहा कि वह (सूर्यकुमार यादव) पूरी तरह से अद्वितीय है। मैंने कभी किसी खिलाड़ी को गेंद को उसी क्षेत्र में मारते नहीं देखा जहां वह उसे मारता है। उनका असली हुनर ​​गेंद को वहां हिट करना है जहां कोई फील्डर न हो। यह सरल लगता है, लेकिन इसके लिए कौशल की आवश्यकता है। वह क्षेत्र में हेरफेर कर सकता है और अंतराल ढूंढ सकता है।


सूर्यकुमार ने 44वें ओवर में ऑस्ट्रेलियाई तेज गेंदबाज कैमरून ग्रीन को निशाने पर लिया और उनकी लगातार 4 गेंदों पर 4 छक्के जड़े। सूर्यकुमार ने ओवर की पहली 2 गेंदों पर फाइन लेग के ऊपर से छक्के लगाए। फिर कवर और मिडविकेट पर शॉट मारे। 

 

सूर्यकुमार अब जहीर खान और रोहित शर्मा के बाद वनडे में लगातार छक्के लगाने वाले तीसरे भारतीय बल्लेबाज बन गए हैं। जहीर खान ने 2000 में हेनरी ओलंगा के खिलाफ, रोहित शर्मा ने 2017 में श्रीलंका के सुरंगा लकमल के खिलाफ यह कारनामा कर दिखाया था। अब इस लिस्ट में सूर्यकुमार यादव का नाम आ गया है।


भारतीय ऑलराउंडर और उनके पूर्व साथी अभिषेक नायर ने भी उनकी तारीफ की। नायर ने कहा कि आज का दिन उसके लिए विशेष था। अच्छी बल्लेबाजी। उसने आखिरी 10 ओवरों के लिए मंच तैयार किया। उन्होंने आज वो क्रिकेट खेला जिसके लिए वह जाने जाते हैं। उन्होंने कवर और मिड-ऑफ पर जो शॉट लगाए, वे प्रभावशाली थे।