स्पोर्ट्स डेस्क: IPL 2026 में राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ हार के बाद मुंबई इंडियंस के कप्तान हार्दिक पांड्या ने बड़ा बयान दिया। उन्होंने साफ तौर पर कहा कि इस हार के लिए बल्लेबाज जिम्मेदार नहीं हैं, बल्कि गेंदबाजों ने टीम को निराश किया। बारिश से प्रभावित इस मुकाबले में MI को 27 रन से हार झेलनी पड़ी।
पांड्या ने कहा, 'मुझे नहीं लगता कि इस हार के लिए बल्लेबाजी जिम्मेदार है। हमारी गेंदबाजी यूनिट को जिम्मेदारी लेनी होगी, क्योंकि हम बिल्कुल भी अपने स्तर के अनुसार प्रदर्शन नहीं कर पाए।'
पावरप्ले में ही मैच से बाहर हुई MI
मुंबई इंडियंस की हार की सबसे बड़ी वजह पावरप्ले में खराब गेंदबाजी रही। टीम ने शुरुआती ओवरों में ही काफी रन लुटा दिए, जिससे विपक्षी टीम ने मजबूत पकड़ बना ली। पांड्या ने कहा, 'हमने उन गेंदों को सही तरीके से एग्जीक्यूट नहीं किया, जो हमें करनी चाहिए थी। टी20 में कुछ सही गेंदें ही मैच का फर्क तय करती हैं। अगर हम 5-6 अच्छी गेंदें डालते, तो नतीजा अलग हो सकता था।'
राजस्थान के ओपनर्स का तूफान
राजस्थान रॉयल्स के सलामी बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल और वैभव सूर्यवंशी ने मुंबई के गेंदबाजों की जमकर धुनाई की। सूर्यवंशी ने सिर्फ 14 गेंदों में 39 रन बनाए, जबकि जायसवाल ने 32 गेंदों में नाबाद 77 रन की पारी खेली। इन दोनों बल्लेबाजों ने पावरप्ले में ही मैच का रुख पूरी तरह बदल दिया और मुंबई को बैकफुट पर धकेल दिया।
11 ओवर में 150 रन, गेंदबाजी रही फेल
बारिश से छोटे हुए इस मुकाबले में मुंबई इंडियंस के गेंदबाजों ने 11 ओवर में 150 रन लुटा दिए। जसप्रीत बुमराह जैसे अनुभवी गेंदबाज भी महंगे साबित हुए और विपक्षी बल्लेबाजों ने हर गेंदबाज को निशाना बनाया। इस खराब प्रदर्शन के कारण टीम पूरे मैच में दबाव में रही और वापसी का मौका नहीं बना पाई।
बल्लेबाजी में भी जल्दी लगा झटका
लक्ष्य का पीछा करते हुए मुंबई इंडियंस की शुरुआत भी बेहद खराब रही। टीम ने पहले 5 ओवर में ही 46 रन पर आधी टीम गंवा दी। हालांकि नमन धीर और शेरफेन रदरफोर्ड ने कुछ संघर्ष जरूर किया, लेकिन टीम को जीत तक नहीं पहुंचा सके। मुंबई इंडियंस 123/9 तक ही पहुंच पाई और मुकाबला 27 रन से हार गई।
हार पर पांड्या का अंतिम बयान
हार्दिक पांड्या ने अंत में कहा, 'उनके ओपनर्स ने कुछ ओवर में ही हमें मैच से बाहर कर दिया। इसके बाद हम लगातार कैच-अप करते रहे और आखिर में पीछे रह गए। अगर हम अपनी योजना के अनुसार गेंदबाजी करते, तो हम मुकाबले में बने रह सकते थे।'