गैबोरोन (बोत्सवाना) : रवांडा के बल्लेबाज हमजा खान ने पुरुषों के टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में दूसरा सबसे बड़ा व्यक्तिगत स्कोर बनाकर इतिहास रच दिया है। उन्होंने रविवार को गैबोरोन में आईसीसी पुरुषों के टी20 विश्व कप अफ्रीका सब-रीजनल क्वालिफायर में आइवरी कोस्ट के खिलाफ नाबाद 164 रन बनाए।
ICC के अनुसार हमजा की यह रिकॉर्ड तोड़ पारी अब केवल ऑस्ट्रेलिया के पूर्व कप्तान आरोन फिंच से पीछे है जिन्होंने 2018 में जिम्बाब्वे के खिलाफ 172 रन बनाकर T20I में सबसे बड़ा व्यक्तिगत स्कोर बनाने का रिकॉर्ड अपने नाम किया था। हमजा की इस पारी ने अफगानिस्तान के हजरतुल्लाह जजई द्वारा 2019 में आयरलैंड के खिलाफ बनाए गए 162* रन के पिछले दूसरे सबसे बड़े स्कोर को पीछे छोड़ दिया। इस पारी की मदद से रवांडा 20 ओवरों में 288/2 का विशाल स्कोर बनाने में सफल रहा।
मैदान के चारों ओर शानदार शॉट लगाने वाली इस पारी में हमजा ने पावरप्ले से लेकर डेथ ओवरों तक आइवरी कोस्ट के गेंदबाजों पर पूरी तरह से दबदबा बनाए रखा। इसके साथ ही रवांडा ने पुरुषों के T20I इतिहास का सातवां सबसे बड़ा स्कोर खड़ा किया। इस टूर्नामेंट में शानदार फॉर्म में उतरे हमजा ने इससे ठीक एक दिन पहले कैमरून के खिलाफ रवांडा की शुरुआती जीत में भी नाबाद 60 रन बनाए थे।
जवाब में आइवरी कोस्ट की टीम महज 17 रनों पर ही ऑल आउट हो गई। यह T20I क्रिकेट के इतिहास में संयुक्त रूप से पांचवां सबसे कम स्कोर है। रवांडा की 271 रनों की यह जीत अब पुरुषों के T20I में जीत का तीसरा सबसे बड़ा अंतर बन गई है।