स्पोर्ट्स डेस्क : ICC टी20 वर्ल्ड कप 2026 जीतने के बाद टीम इंडिया के हेड कोच गौतम गंभीर ने अपने कार्यकाल के सबसे कठिन दौर को याद किया। अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में फाइनल जीतने के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में गंभीर ने कहा कि न्यूजीलैंड और दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ टेस्ट सीरीज में मिली ऐतिहासिक हार उनके कोचिंग करियर के सबसे निचले पल थे।गंभीर ने इस मुश्किल दौर में समर्थन देने के लिए आईसीसी चेयरमैन और पूर्व बीसीसीआई सचिव जय शाह का खास तौर पर धन्यवाद किया।
राहुल द्रविड़ और वीवीएस लक्ष्मण को दिया जीत का श्रेय
गंभीर ने टी20 वर्ल्ड कप की इस जीत का श्रेय भारत के पूर्व मुख्य कोच राहुल द्रविड़ और नेशनल क्रिकेट एकेडमी (सेंटर ऑफ एक्सीलेंस) के प्रमुख वीवीएस लक्ष्मण को भी दिया। उन्होंने कहा कि राहुल द्रविड़ ने अपने कार्यकाल में भारतीय क्रिकेट को बेहद मजबूत स्थिति में पहुंचाया। वहीं वीवीएस लक्ष्मण लंबे समय से पर्दे के पीछे रहकर भारतीय क्रिकेट के लिए बहुत बड़ा काम कर रहे हैं। गंभीर के मुताबिक सेंटर ऑफ एक्सीलेंस भारतीय क्रिकेट के लिए खिलाड़ियों की सबसे बड़ी पाइपलाइन है और इसका योगदान बेहद अहम है।
अजीत अगरकर की ईमानदारी की भी की तारीफ
गंभीर ने चयन समिति के अध्यक्ष अजीत अगरकर की भी सराहना की। उन्होंने कहा कि अगरकर को कई बार आलोचना झेलनी पड़ती है, लेकिन वह चयन प्रक्रिया में पूरी ईमानदारी के साथ काम करते हैं। गंभीर ने कहा कि टीम के निर्माण में चयन समिति की भूमिका बहुत महत्वपूर्ण होती है और अगरकर ने इस जिम्मेदारी को पूरी निष्ठा के साथ निभाया है।
मुश्किल समय में सिर्फ जय शाह ने किया फोन
गौतम गंभीर ने बताया कि जब न्यूजीलैंड और दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ टेस्ट सीरीज में भारत को शर्मनाक हार का सामना करना पड़ा, तब बहुत कम लोगों ने उनका हाल पूछा। उन्होंने कहा कि उस कठिन दौर में सिर्फ जय शाह ही ऐसे व्यक्ति थे जिन्होंने उन्हें फोन किया और उनका हौसला बढ़ाया।
गंभीर ने कहा कि जब उन्हें भारतीय टीम का हेड कोच बनाया गया था, तब उनके पास किसी भी फ्रेंचाइजी या टीम को हेड कोच करने का अनुभव नहीं था। इसके बावजूद जय शाह ने उन पर भरोसा जताया और यह जिम्मेदारी सौंपी। उन्होंने कहा कि जब तक ऐसे लोग भारतीय क्रिकेट से जुड़े रहेंगे, तब तक भारतीय क्रिकेट सुरक्षित हाथों में रहेगा।
आगे क्या है टीम इंडिया का अगला लक्ष्य?
गौतम गंभीर के कोचिंग कार्यकाल में टीम इंडिया का व्हाइट-बॉल रिकॉर्ड काफी शानदार रहा है। उनके नेतृत्व में भारत ने आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी 2025 और टी20 एशिया कप 2025 भी जीता है। अब टीम इंडिया का अगला बड़ा लक्ष्य 2027 में दक्षिण अफ्रीका में होने वाला वनडे वर्ल्ड कप होगा। हालांकि उससे पहले भारतीय टीम को टेस्ट क्रिकेट पर ध्यान देना होगा, क्योंकि टीम को तीसरी बार वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) के फाइनल में पहुंचने के लिए लगातार अच्छा प्रदर्शन करना होगा।
भारत का अगला दौरा
टीम इंडिया का अगला मुकाबला घरेलू मैदान पर अफगानिस्तान के खिलाफ होगा। आईपीएल 2026 के बाद भारत अफगानिस्तान के खिलाफ एकमात्र टेस्ट मैच खेलेगा। इसके बाद जून में दोनों टीमों के बीच तीन मैचों की वनडे सीरीज भी खेली जाएगी।