Sports

जकार्ता : भारतीय गोल्फर गगनजीत भुल्लर (Gaganjeet Bhullar) ने शुक्रवार को यहां बीएनआई इंडोनेशियाई मास्टर्स के दूसरे दौर में चार अंडर 67 का कार्ड खेलकर अपनी बढ़त तीन शॉट की कर ली। भुल्लर हालांकि दूसरे दौर के पहले आठ होल में चार अंडर पर चल रहे थे जिससे वह अपने कार्ड से निराश होंगे। हालांकि अब उनका कुल स्कोर 12 अंडर 130 है। भारत के 11 गोल्फरों में से सात ने कट हासिल किया जिसमें से दो एस चिक्कारंगप्पा (71-65) और वीर अहलावत (69-67) संयुक्त रूप से आठवें स्थान पर चल रहे हैं।

कट हासिल करने वाले अन्य भारतीय राशिद खान (69-68) और करणदीप कोचर (69-68) संयुक्त 21वें स्थान पर चल रहे हैं। हनी बेसोया (65-73) संयुक्त 29वें स्थान पर हैं। अनिर्बान लाहिड़ी संयुक्त दो अंडर से 55वें स्थान पर है जो कट लाइन भी है। अजीतेश संधू, यशास चंद्रा, एसएसपी चौरसिया और शिव कपूर कट हासिल करने से चूक गए।


नेहा त्रिपाठी ने डब्ल्यूपीजीटी का 15वां चरण जीता
नेहा त्रिपाठी ने हीरो महिला पेशेवर गोल्फ टूर (डब्ल्यूपीजीटी) के 15वें चरण के तीसरे दौर में शुक्रवार को यहां एक ओवर 73 का कार्ड खेलकर नौ शॉट के बड़े अंतर के साथ खिताब अपने नाम किया। नेहा का यह सत्र का तीसरा खिताब है। वह शुरुआती दो दौर में 72 और 73 का कार्ड खेलने के बाद 4 शॉट की बढ़त के साथ शीर्ष पर थी और तीसरे दौर के बाद इस बढ़त और और बड़ा करने में सफल रही। इस जीत के बाद भी नेहा ऑर्डर ऑफ मेरिट (वार्षिक रैंकिंग) में स्नेहा सिंह (76) से पीछे दूसरे स्थान पर है। स्नेहा 16 ओवर 232 का कार्ड खेलने के बाद सातवें स्थान पर रहीं। त्वेसा मलिक (76) नेहा से नौ शॉट पीछे दूसरे स्थान पर रही जबकि अमेच्योर अनाहत बिंद्रा (73) और रिद्धिमा दिलावरी (79) संयुक्त रूप से तीसरे स्थान पर रहे।