Sports

पेरिस : सात्विकसैराज रेंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी की भारतीय जोड़ी ने अपना शानदार प्रदर्शन जारी रखते हुए शनिवार को फ्रेंच ओपन बैडमिंटन टूर्नामेंट के पुरुष युगल के खिताबी मुकाबले में जगह बना ली और तिरंगा बुलंद रखा। सात्विकसैराज रेंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी ने सेमीफाइनल में पांचवीं वरीय जापान के हिरोयूकी एन्डो तथा युता वतान्बे की जोड़ी को लगातार गेमों में 21-11 25-23 से पराजित कर फाइनल में प्रवेश किया। अन्य भारतीय खिलाड़ियों की चुनौती क्वाटर्रफाइनल तक निपट जाने के बाद भारत की तमाम उम्मीदें सात्विकसैराज रेंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी पर टिक गई थीं और इस जोड़ी ने भारतीय प्रशंसकों को निराश नहीं किया।

भारतीय जोड़ी ने पांचवीं वरीय जापान के हिरोयूकी एन्डो तथा युता वतान्बे की जोड़ी को 50 मिनट में शिकस्त दी। भारतीय जोड़ी ने अपने तीसरे मैच अंक पर मुकाबला समाप्त किया। सात्विकसैराज रेंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी का खिताब के लिए नंबर एक इंडोनेशियाई जोड़ी माकर्स गिडोन और केविन सुकामुलजो से मुकाबला होगा और खिताब जीतने के लिए भारतीय जोड़ी को इतिहास बनाना होगा। भारतीय जोड़ी ने इंडोनेशियाई जोड़ी से अपने पिछले सभी छह मुकाबले गंवाए हैं।

विश्व रैंकिंग में 11वें नंबर की भारतीय जोड़ी सात्विकसैराज रेंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी की छठी रैंकिंग की जापानी जोड़ी के खिलाफ करियर के तीन मुकाबलों में यह पहली जीत है। वर्ष 2017 की विश्व चैंपियनशिप और 2018 के इंडोनेशिया ओपन में जापानी खिलाड़यिों ने सात्विकसैराज रेंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी को हराया था। इससे पहले भारतीय जोड़ी ने क्वाटर्रफाइनल में डेनमाकर् की जोड़ी किम एस्ट्रप और एंडर्स रासमुसेन को 39 मिनट में 21-13 22-20 से हराया था। भारतीय जोड़ी की डेनमार्क की जोड़ी के खिलाफ तीन मुकाबलों में यह पहली जीत थी। भारतीय जोड़ी ने दूसरे दौर में सबसे बड़ा उलटफेर करते हुए दूसरी सीड जोड़ी इंडोनेशिया के मोहम्मद अहसान और हेंड्रा सेतियावान को हराया था।