Sports

स्पोर्ट्स डेस्क: IPL 2026 में दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ मैच में लखनऊ सुपर जायंट्स द्वारा मिस्ट्री स्पिनर दिग्वेश राठी को प्लेइंग इलेवन में मौका नहीं देने पर पूर्व RCB बल्लेबाज Abhinav Mukund ने टीम मैनेजमेंट की आलोचना की है। उन्होंने कहा कि टीम ने पिछले सीजन की अपनी सबसे बड़ी खोज को खुद ही बाहर बैठा दिया।

टीम कॉम्बिनेशन पर भी उठाए सवाल

Abhinav Mukund ने कहा कि 'टीम का संतुलन सही नहीं दिखा, क्योंकि टीम सात बल्लेबाज और सिर्फ चार गेंदबाजों के साथ उतरी। ऐसे में दिग्वेश राठी जैसे मुख्य स्पिनर को बाहर बैठाने का फैसला समझ से परे था। उन्होंने यह भी कहा कि जब टीम ने रवि बिश्नोई को रिलीज कर दिया था, तो इसका मतलब था कि टीम राठी पर भरोसा कर रही है।'

पंत ने ऑलराउंडर्स पर जताया भरोसा

दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ मैच में कप्तान Rishabh Pant ने स्पिन गेंदबाजी के लिए शाहबाज अहमद, एडेन मार्कराम और अब्दुल समद जैसे ऑलराउंडर्स का इस्तेमाल किया। हालांकि ये गेंदबाज प्रभाव छोड़ने में सफल नहीं रहे और टीम विपक्षी टीम की बड़ी साझेदारी को तोड़ नहीं पाई।

सिर्फ 2.1 ओवर ही कराई स्पिन गेंदबाजी

इस मैच में लखनऊ ने बहुत कम स्पिन गेंदबाजी कराई। शाहबाज अहमद ने एक ओवर में 16 रन दिए, मार्कराम ने एक ओवर में 13 रन दिए, जबकि अब्दुल समद ने सिर्फ एक गेंद डाली जिस पर छक्का लग गया। यही वजह रही कि टीम दिल्ली की साझेदारी को तोड़ नहीं सकी और मैच हाथ से निकल गया।

पिछले सीजन में शानदार रहा था राठी का प्रदर्शन

26 वर्षीय Digvesh Rathi ने पिछले आईपीएल सीजन में शानदार प्रदर्शन किया था। उन्होंने अपने डेब्यू सीजन में 13 मैचों में 14 विकेट लिए थे। उनका इकॉनमी रेट 8.25 का रहा था, जो एक मिस्ट्री स्पिनर के लिए अच्छा माना जाता है।

LSG की टीम पहचान पर भी सवाल

Abhinav Mukund ने आगे कहा कि 'लखनऊ सुपर जायंट्स की अभी तक कोई स्पष्ट पहचान नहीं बन पाई है, जबकि गुजरात टाइटंस जैसी टीम ने कम समय में अपनी पहचान बना ली है।' उन्होंने कहा कि लखनऊ की टीम को देखकर यह समझ नहीं आता कि टीम किस रणनीति के साथ खेल रही है।

अगला मैच SRH से

लखनऊ सुपर जायंट्स को अब अपना अगला मैच 5 अप्रैल को सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ खेलना है, जहां टीम बेहतर प्लेइंग इलेवन के साथ उतरना चाहेगी।