Sports

दोहा : राष्ट्रीय टीम की ओर से सर्वाधिक गोल दागने वाला खिलाड़ी बनने के बाद ओलीवियर गिरोड की नजरें फ्रांस को लगातार दूसरा फुटबॉल विश्व कप खिताब दिलाने में मदद करने पर टिकी हैं। रविवार को प्री क्वार्टर फाइनल में पोलैंड के खिलाफ 3-1 की जीत के दौरान गिरोड ने 52वां अंतरराष्ट्रीय गोल दागकर अपने देश की ओर से सर्वाधिक गोल करने के मामले में थियेरी हेनरी को पीछे छोड़ा। 

गिरोड ने कहा, ‘‘मैं यह गोल (पोलैंड के खिलाफ) करने के लिए बेताब था। इस गोल के बाद मैं राहत महसूस कर रहा हूं। '' उन्होंने कहा, ‘‘हम अब इसे भूलकर आगे बढ़ सकते हैं क्योंकि इतने सारे लोग इस बारे में बात कर रहे हैं। अब यह हो गया है, यह अच्छी बात है। सबसे महत्वपूर्ण है कि टीम को अपने लक्ष्य तक पहुंचने में मदद करने के लिए और अधिक गोल करना। टीम का लक्ष्य टूर्नामेंट में अधिक से अधिक आगे जाना है।'' गिरोड ने कतर में फ्रांस के शुरुआती मैच में ऑस्ट्रेलिया पर 4-1 की जीत में दो बार गोल करके हेनरी के 51 गोल के रिकॉर्ड की बराबरी की थी।