स्पोर्ट्स डेस्क : ऑस्ट्रेलिया के क्लब क्रिकेट में एक ऐसा मुकाबला देखने को मिला जिसने क्रिकेट फैंस को हैरान कर दिया। Sam Cheek और उनके पिता Darren Cheek ने बल्लेबाजी में ऐसा तूफान मचाया कि विरोधी गेंदबाज बेबस नजर आए। दोनों ने मिलकर 40 ओवर में बिना विकेट खोए 590 रन ठोक दिए, जो क्लब क्रिकेट में बेहद दुर्लभ और रिकॉर्डतोड़ प्रदर्शन माना जा रहा है।
सेक्शन-8 मैच में बना अनोखा रिकॉर्ड
यह मुकाबला Adelaide & Suburban Cricket Association के सेक्शन-8 ‘क्लेम दिस कप’ टूर्नामेंट में खेला गया। मैच में Coromandel Cricket Club की टीम का सामना Morphettville Park Cricket Club से हुआ। यह मैच Ascot Park Primary School Ground में खेला गया, जहां बाप-बेटे की जोड़ी ने इतिहास रच दिया।
शुरुआती ओवरों से ही शुरू हुआ हमला
Coromandel के लिए ओपनिंग करने उतरे डैरेन और सैम ने शुरुआत से ही आक्रामक बल्लेबाजी की। पहले ओवर में डैरेन ने गेंदबाज Kalani Wiraga की गेंदों पर दो चौके लगाए। अगले ओवर में भी उन्होंने चौका और छक्का जड़कर तेज शुरुआत की।
कुछ ही ओवर बाद सैम ने भी लय पकड़ ली और चौकों-छक्कों की बारिश शुरू कर दी।
सैम चीक की 137 गेंदों में 402 रन की ऐतिहासिक पारी
सैम चीक की बल्लेबाजी इस मैच की सबसे बड़ी खासियत रही। उन्होंने सिर्फ 29 गेंदों में अर्धशतक और 56 गेंदों में शतक पूरा किया। इसके बाद उनका आक्रामक खेल और खतरनाक हो गया। सैम ने 87 गेंदों में दोहरा शतक और महज 22 गेंदों में 300 रन पूरे कर लिए। इस दौरान उन्होंने कई छक्कों की बरसात की। उन्होंने गेंदबाज Darcy Lane के एक ओवर में लगातार 6 छक्के भी जड़ दिए। आखिर में सैम ने 137 गेंदों में नाबाद 402 रन बनाए, जिसमें 30 चौके और 42 छक्के शामिल थे।
पिता डैरेन भी नहीं रहे पीछे
हालांकि सैम की पारी ज्यादा चर्चा में रही, लेकिन उनके पिता डैरेन चीक का योगदान भी कम नहीं था। डैरेन ने 108 गेंदों में नाबाद 175 रन बनाए। खास बात यह है कि डैरेन ओवर-60 क्रिकेट के नियमित खिलाड़ी हैं, फिर भी उन्होंने शानदार बल्लेबाजी करते हुए टीम को मजबूत स्कोर तक पहुंचाने में बड़ी भूमिका निभाई।
40 ओवर में 590 रन, बिना विकेट गंवाए
दोनों बल्लेबाजों ने पूरे 40 ओवर तक बल्लेबाजी की और एक भी विकेट नहीं गिरने दिया। Coromandel की टीम ने 40 ओवर में 590/0 का विशाल स्कोर खड़ा कर दिया, जो किसी भी क्लब मैच के लिए बेहद असाधारण आंकड़ा है।
विरोधी टीम के लिए लक्ष्य हुआ असंभव
इतने बड़े लक्ष्य का पीछा करते हुए Morphettville Park की टीम कभी भी मैच में वापसी नहीं कर सकी। उन्होंने अपने 40 ओवर पूरे करते हुए 3 विकेट के नुकसान पर 146 रन बनाए। दिलचस्प बात यह रही कि बाद में गेंदबाजी में भी बाप-बेटे की जोड़ी ने योगदान दिया। सैम ने 8 ओवर में 11 रन दिए, जबकि डैरेन ने 6 ओवर में 1 विकेट लिया।