स्पोर्ट्स डेस्क : इंग्लैंड के अनुभवी दिग्गज ऑलराउंडर Ravi Bopara ने काउंटी क्रिकेट से रिटायरमेंट का ऐलान कर दिया है। बोपारा इस साल टी20 ब्लास्ट में एसेक्स के लिए खेलते नजर नहीं आएंगे और 25 साल लंबे काउंटी करियर को अलविदा कह दिया है। 40 वर्षीय बोपारा फिलहाल PSL 2026 में कराची किंग्स टीम के हेड कोच की भूमिका निभा रहे हैं।
रिटायरमेंट पर बोपारा का बयान
रिटायरमेंट का ऐलान करते हुए बोपारा ने कहा, 'मैं क्रिकेट से बिल्कुल दूर नहीं जा रहा हूं। टी20 ब्लास्ट को लेकर मैंने काफी सोचा, यह बहुत मुश्किल फैसला था, लेकिन अब मैं नई चीजों के लिए उत्साहित हूं। मुझे कमेंट्री का अच्छा मौका मिला है, जिसे छोड़ना मेरे लिए सही नहीं होता।'
‘काउंटी क्रिकेट मेरा परिवार था’
बोपारा ने काउंटी क्रिकेट को लेकर भावुक बयान भी दिया। उन्होंने कहा, 'यह एक कठिन फैसला है, क्योंकि इतने सालों तक मुझे काउंटी क्रिकेट में ऐसा लगता था जैसे मैं वहीं का हिस्सा हूं। पिछले साल सरे के खिलाफ क्वार्टर फाइनल में खेली गई पारी के साथ टी20 ब्लास्ट को अलविदा कहना शायद सही तरीका है।'
25 साल लंबा रहा काउंटी करियर
Ravi Bopara ने 2002 में काउंटी डेब्यू किया था। इसके पांच साल बाद उन्होंने इंग्लैंड के लिए टेस्ट और वनडे डेब्यू किया और फिर टी20 इंटरनेशनल भी खेले। उन्होंने आखिरी बार इंग्लैंड के लिए 2015 वर्ल्ड कप में खेला था, लेकिन इसके बाद भी वह दुनिया भर की टी20 लीग में खेलते रहे। पिछले टी20 ब्लास्ट सीजन में उन्होंने 46 गेंदों में नाबाद 105 रन की शानदार पारी खेली थी।
भविष्य को लेकर क्या बोले बोपारा
बोपारा ने कहा, 'मैंने 25 साल काउंटी क्रिकेट खेला, जो मेरे जीवन का बहुत बड़ा हिस्सा रहा है। इंग्लैंड में क्रिकेट ने मुझे सब कुछ दिया – मौके, यादें और शानदार दोस्त। 25 साल किसी भी खेल में खेलना मेरे लिए गर्व की बात है।'
उन्होंने आगे कहा, 'मेरे पास अभी भी क्रिकेट को देने के लिए बहुत कुछ है। मैं युवाओं को अपना अनुभव देना चाहता हूं – चाहे मेंटरिंग हो, कोचिंग हो या कोई और भूमिका। मैं क्रिकेट में नई भूमिकाओं के लिए तैयार हूं।'
करियर आंकड़े
बोपारा के करियर की बात करें तो उन्होंने:
221 फर्स्ट क्लास मैच – 12,821 रन और 257 विकेट
325 लिस्ट ए मैच – 9,856 रन और 248 विकेट
494 टी20 मैच – 9,948 रन और 292 विकेट
वह टी20 क्रिकेट में लगभग 10,000 रन बनाने के करीब हैं और गेंदबाजी में भी 292 विकेट ले चुके हैं।