Sports

स्पोर्ट्स डेस्क : इंग्लैंड के पूर्व कप्तान एलिस्टेयर कुक ने वैभव सूर्यवंशी की तेजी से बढ़ती लोकप्रियता पर मजेदार अंदाज में बात करते हुए पूछा, 'क्या उसके पास पासपोर्ट है?' यह सवाल तब आया जब 15 साल के इस खिलाड़ी को भारतीय टीम में बुलाए जाने की चर्चा तेज है। 

'स्टिक टू क्रिकेट' पॉडकास्ट पर माइकल वॉन, डेविड लॉयड, फिल टफनेल और एलेक्स हार्टले ने सूर्यवंशी के प्रदर्शन पर चर्चा की। राजस्थान रॉयल्स के इस बल्लेबाज ने पिछले साल अपने IPL डेब्यू मैच में ही शतक लगाकर सुर्खियां बटोरी थीं और मौजूदा सीजन में भी कुछ समय के लिए 'ऑरेंज कैप' अपने नाम की थी; वे सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ियों में से एक रहे हैं। 

बातचीत जल्द ही इस मुद्दे पर आ गई कि क्या IPL के बाद भारतीय टीम के आयरलैंड दौरे के लिए सूर्यवंशी को टीम में बुलाया जाना चाहिए। वॉन और टफनेल ने इस पर अपनी राय सा कर दी और वॉन तो इससे भी एक कदम आगे बढ़ गए। लॉयड ने कहा, 'सूर्यवंशी ... 246 रन, औसत 41, स्ट्राइक रेट 236। क्या उसे स्कूल में नहीं होना चाहिए? तुम स्कूल नहीं छोड़ सकते।' वॉन ने जवाब में कहा, 'मुझे नहीं लगता कि वह स्कूल में है, डेव। मुझे लगता है कि वह आयरलैंड के T20 दौरे पर जाने वाला है। है ना? मैं तो उसे इस गर्मी में होने वाली इंग्लैंड सीरीज के लिए भी टीम में शामिल कर लेता।' टफनेल ने अपनी बात रखते हुए कहा, 'क्यों नहीं? वह क्यों नहीं जाएगा?' 

फिर कुक ने एक ऐसी बात कही जिसने पूरी चर्चा का सार बता दिया। कुक ने कहा, 'क्या उसके पास पासपोर्ट है?' वॉन ने आगे यह तर्क दिया कि जब किसी खिलाड़ी का प्रभाव इतना साफ-साफ दिख रहा हो, तो उसकी उम्र को उसके रास्ते में रुकावट नहीं बनना चाहिए। अगर वह 20 साल का होता... तो बात अलग होती, लेकिन सिर्फ इसलिए कि वह 15 साल का है, आप सोचने लगते हैं कि 'ओह, हमें थोड़ा सावधान रहना होगा'। जसप्रीत बुमराह गेंदबाजी करने आए और उसने बड़ी आसानी से गेंद को फ्लिक करके स्टैंड्स में छक्के के लिए भेज दिया।' 

गौर हो कि BCCI द्वारा आयरलैंड दौरे के लिए उस पर विचार किए जाने के साथ, सूर्यवंशी अब सीनियर भारतीय टीम में जगह बनाने के बहुत करीब है। 15 साल की उम्र में वह अब सिर्फ एक होनहार नाम नहीं रह गया है। वह पहले से ही चर्चा का विषय बन चुका है।