Sports

स्पोर्ट्स डेस्कः टी20 विश्व कप 2026 के ग्रुप स्टेज में भारत के खिलाफ मैच नहीं खेलने की पाकिस्तान की घोषणा के बाद भी भारतीय क्रिकेट टीम अपने तय कार्यक्रम के अनुसार श्रीलंका जाएगी और आईसीसी (अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद) के नियमों के तहत सभी जरूरी औपचारिकताएं पूरी करेगी।

भारत–पाकिस्तान का यह हाई-वोल्टेज मुकाबला 15 फरवरी 2026 को कोलंबो के आर. प्रेमदासा स्टेडियम में खेला जाना था, जो इस टूर्नामेंट का प्रमुख मैदानों में से एक है।

पाकिस्तान ने किया भारत के खिलाफ खेलने से इनकार

पाकिस्तान सरकार ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X (पूर्व में ट्विटर) पर आधिकारिक बयान जारी कर पुष्टि की कि पाकिस्तान टी20 विश्व कप 2026 में हिस्सा लेगा, लेकिन ग्रुप स्टेज में भारत के खिलाफ मैच नहीं खेलेगा। हालांकि, पाकिस्तान ने अब तक इस फैसले के पीछे कोई ठोस कारण नहीं बताया है। न ही पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) और न ही आईसीसी की तरफ से इस पर कोई विस्तृत स्पष्टीकरण आया है। इससे टूर्नामेंट में असमंजस की स्थिति बनी हुई है।

भारत अपने शेड्यूल पर कायम रहेगा

विश्वसनीय सूत्रों के मुताबिक, पाकिस्तान के इस फैसले के बावजूद भारतीय टीम अपने तय कार्यक्रम में कोई बदलाव नहीं करेगी।

सूत्रों ने बताया कि भारतीय टीम तय तारीख पर श्रीलंका पहुंचेगी। टीम अपना नियमित ट्रेनिंग सेशन करेगी। खिलाड़ी अनिवार्य प्री-मैच प्रेस कॉन्फ्रेंस में हिस्सा लेंगे और मैच वाले दिन निर्धारित समय पर स्टेडियम भी रिपोर्ट करेंगे। अगर पाकिस्तान टीम मैदान पर नहीं आती है, तो आईसीसी के नियमों के तहत मैच रेफरी स्थिति का आकलन करेंगे और फिर आधिकारिक फैसला सुनाएंगे।

फिलहाल बीसीसीआई (भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड) ने इस पूरे मामले पर कोई सार्वजनिक बयान नहीं दिया है। वहीं, आईसीसी ने भी यह स्पष्ट नहीं किया है कि अगर कोई टीम विश्व कप मैच खेलने नहीं आती है तो उसके खिलाफ क्या कार्रवाई होगी।

नॉकआउट में भारत–पाक भिड़ंत पर सस्पेंस

पाकिस्तान का टूर्नामेंट शेड्यूल इस प्रकार है:

  • 7 फरवरी: नीदरलैंड्स के खिलाफ पहला मैच

  • 10 फरवरी: अमेरिका के खिलाफ मुकाबला

  • 18 फरवरी: नामीबिया के खिलाफ मैच

ये सभी मैच कोलंबो के सिंहलीज स्पोर्ट्स क्लब ग्राउंड में खेले जाने हैं।

सबसे बड़ा सवाल यह है कि अगर दोनों टीमें नॉकआउट (सेमीफाइनल या फाइनल) में आमने-सामने आती हैं, तो क्या पाकिस्तान तब भी भारत के खिलाफ खेलने से इनकार करेगा? इस पर अभी तक न तो पाकिस्तान सरकार और न ही PCB ने कोई स्पष्ट रुख बताया है।

आईसीसी और ब्रॉडकास्टर्स के लिए बड़ा नुकसान?

भारत–पाकिस्तान मुकाबले को दुनिया के सबसे बड़े क्रिकेट मुकाबलों में गिना जाता है। इससे आईसीसी और ब्रॉडकास्टर्स को भारी राजस्व मिलता है। पिछले साल एशिया कप में भारत और पाकिस्तान तीन बार आमने-सामने हुए थे, जिससे रिकॉर्ड दर्शक संख्या और विज्ञापन आय हुई थी। इसलिए अगर यह मैच रद्द होता है, तो यह टूर्नामेंट और प्रसारकों के लिए बड़ा झटका होगा।

आगे क्या होगा?

फिलहाल सभी की नजरें आईसीसी पर हैं कि वह इस विवाद पर क्या आधिकारिक फैसला लेती है और अगर पाकिस्तान मैच नहीं खेलता तो क्या उसे अयोग्य घोषित किया जाएगा या भारत को वॉकओवर मिलेगा।