Sports

नई दिल्ली : भारत ने 15 से 25 मार्च तक जमशेदपुर में होने वाले सैफ अंडर 18 महिला फुटबॉल टूर्नामेंट के लिए शनिवार को 22 सदस्यीय टीम की घोषणा की। भारत के मुख्य कोच थॉमस डेनेरबी ने कहा कि चुनी गई लड़कियों का भविष्य भारतीय फुटबॉल में उज्जवल है। सीनियर टीम के कोच रह चुके 62 वर्ष के डेनेरबी ने कहा कि सबसे अच्छी बात यह है कि इतनी कम उम्र में इन्हें फुटबॉल की काफी जानकारी है। अब उन्हें नियमित आधार पर अभ्यास की जरूरत है।

स्वीडन की महिला टीम को ओलंपिक क्वार्टर फाइनल में और नाइजीरिया को फीफा महिला विश्व कप 2019 में ले जाने वाले डेनेरबी ने कहा कि मैंने बहुत खिलाडिय़ों को देखा है जो 15-16 वर्ष की उम्र में काफी प्रतिभाशाली होते हैं लेकिन बाद में गायब हो जाते हैं। वहीं, औसत प्रतिभा वाले बहुत आगे बढ जाते हैं। इसलिए ही अभ्यास करते रहना जरूरी है। उन्होंने कहा कि सैफ जैसे टूर्नामेंट से खिलाडिय़ों को प्रतिस्पर्धी माहौल में दबाव का सामना करना सीखने में मदद मिलेगी। भारत को 15 मार्च को नेपाल से, 19 मार्च को बांग्लादेश से, 21 मार्च को फिर नेपाल से और 25 मार्च को बांग्लादेश से खेलना है।

टीम
गोलकीपर :
हेमप्रिया सेरम, मेलोडी चानू केशाम, एडरिजा सारखेल
डिफेंडर : एस्टम ओरोन, निशा, रितु देवी, पूर्णिमा कुमारी, नकीता, काजल, वर्षिका 
मिडफील्डर : शिल्की देवी, पूनम, शुभांगी सिंह, प्रियंका सुजीश, मार्तिना थोकचोम, बबीना देवी, नीतू लिंडा।
फॉरवर्ड : नैता कुमारी, रजिया देवी, अमीषा बाक्सला, सुनीता मुंडा, लिंडा कोम सेरतो।