Sports

खेल डैस्क : दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में आखिरकार दिल्ली कैपिटल्स फॉर्म में वापस आ गई। रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के खिलाफ खेले गए महत्वपूर्ण मुकाबले को दिल्ली ने फिलिप सॉल्ट (87) की बड़ी पारी की बदौलत 7 विकेट से जीत लिया। इससे पहले आरसीबी ने विराट कोहली, महिपाल लोमरोर के अर्धशतकों की बदौलत चार विकेट खोकर 181 रन बनाए थे। जवाब में दिल्ली ने वॉर्नर, मार्श और रौसौव के अलावा सॉल्ट की बेहतरीन पारी की बदौलत जीत हासिल कर ली। 

 


इससे पहले रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के कप्तान फाफ डु प्लेसिस ने टॉस जीतने के बाद पहले बल्लेबाजी चुनी थी। उनका यह फैसला सही साबित हुआ क्योंकि विराट कोहली और फाफ डु प्लेसिस ने पहले विकेट के लिए 82 रन जोड़ दिए। कोहली ने 46 गेंदों पर पांच चौकों की मदद से 55 रन बनाए। वह आईपीएल में 7000 रन भी पूरे कर चुके हैं। फाफ डु प्लेसिस ने 45, महिपाल लोमरोर ने 29 गेंदों में छह चौके और तीन छक्कों की मदद से 54, कार्तिक ने9 गेंदों पर 11 तो अनुज रावत ने 3 गेंदों पर 8 रन बनाकर स्कोर 181 तक पहुंचाया था।

 

जवाब में खेलने उतरी दिल्ली कैपिटलस की ओर से फिलिप सॉल्ट ने खेल को एकतरफा कर दिया। डेविड वॉर्नर के 14 गेंदों में 22 रन बनाने के बाद सॉल्ट ने मिचेल मार्श के साथ पारी को आगे बढ़ाया। मार्श ने 17 गेंदों पर 26 रनों का योगदान दिया। सॉल्ट ने 45 गेंदों पर 8 चौके और 6 छक्कों की मदद से 87 रन बनाए। रिले रौसोव ने 21 गेंदों पर एक चौके और दो छक्कों की मदद से 29 रन बनाए। दिल्ली ने 16.4 ओवर में लक्ष्य हासिल कर लिया। 
 

दोनों टीमों की प्लेइंग-11
दिल्ली कैपिटल्स: डेविड वार्नर (कप्तान), फिलिप साल्ट (विकेटकीपर), मिचेल मार्श, रिले रूसो, मनीष पांडे, अमन हकीम खान, अक्षर पटेल, कुलदीप यादव, मुकेश कुमार, इशांत शर्मा, खलील अहमद।

रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर: विराट कोहली, फाफ डुप्लेसिस (कप्तान), अनुज रावत, ग्लेन मैक्सवेल, महिपाल लोमरोर, दिनेश कार्तिक (विकेटकीपर), केदार जाधव, वनिंदु हसरंगा, कर्ण शर्मा, मोहम्मद सिराज, जोश हेजलवुड।