Sports

खेल डैस्क : सूरत के लाल भाई कॉन्ट्रेक्टर स्टेडियम में खेली जा रही लीजेंड्स लीग क्रिकेट 2023 के एक अहम मुकाबले में गुजरात जायंट्स की ओर से खेलते हुए क्रिस गेल ने भले ही 150 से ज्यादा की स्ट्राइक रेट से 84 रन बनाए लेकिन वह अपनी टीम को 12 रन की हार से बचा नहीं पाए। इससे पहले खेलते हुए इंडिया कैपिटल्स ने ने गौतम गंभीर के 51, चिप्ली के 35 और बेन डंक के 30 रनों की बदौलत 223 रन बनाए थे। जवाब में खेलने उतरी गुजरात 211 रन ही बना पाई। गुजरात को रोकने में इसरु उडाना की शानदार गेंदबाजी आड़े आई। इसरु ने अपने 4 ओवर में केवल 22 रन दिए और गुजरात के बल्लेबाजों को बांध कर रख दिया।

 

इससे पहले इंडिया कैपिटल्स की कप्तानी कर रहे गौतम गंभीर (Gautam Gambhir) ने तेजतर्रार शुरूआत कर अपनी टीम को 200 पार लगवाने में मदद की। टीम की शुरूआत अच्छी रही थी। एडवर्ड्स के साथ गंभीर ने पहले विकेट के लिए 65 रन जोड़े थे। एडवर्ड्स ने 20 गेंदों पर 26 रन बनाए जबकि गौतम गंभीर ने 28 गेंदों पर अर्धशतक लगाकर दर्शकों का मनोरंजन किया। गंभीर इस दौरान लय में दिखे। उन्होंने श्रीसंत के पहले ही ओवर में 1 छक्का और 1 चौका लगाकर अपने इरादे जाहिर कर दिए थे।

 

 

कैपिटल्स की ओर से खेल रहे बेन डंक ने भी जलवा दिखाते हुए 10 गेंदों पर 4 छक्कों की मदद से 30 रन बनाकर टीम को मजबूती दी। इससे पहले पीटरसन ने भी 15 गेंदों पर तीन छक्कों की मदद से 26 रन बनाए थे। अंत में चिप्ली ने 16 गेंदों पर 3 छक्कों की मदद से 35 रन बनाए जबकि एश्ले नर्स ने 5 गेंदों पर 12 रन बनाकर स्कोर 223 तक पहुंचा दिया।

 

जवाब में खेलने उतरी गुजरात को ऊपरी क्रम में सिर्फ क्रिस गेल का सहारा मिला। जैक कैलिस 11, रिचर्ड लेवी 17 तो अभिषेक 13 रन बनाकर आऊट हो गए। लेकिन इसके बाद क्रिस गेल ने केविन ओ ब्रायन के साथ मिलकर स्कोर 201 पर ला खड़ा किया। गेल ने 55 गेंदों पर 9 चौके और 4 छक्कों की मदद से 84 तो केविन ने 33 गेंदों पर 7 चौकों और 2 छक्कों की मदद से 57 रन बनाए। इसके बाद पुछल्ले बल्लेबाज स्कोर नहीं बना पाए जिससे गुजरात को 12 रन से हार झेलनी पड़ी।