स्पोर्ट्स डेस्क : भारतीय क्रिकेट के सुपरस्टार Virat Kohli से हाल ही में एक दिलचस्प सवाल पूछा गया कि दुनिया का सबसे बेहतरीन टी20 इंटरनेशनल ओपनर कौन है। उन्हें दो दिग्गज बल्लेबाजों Rohit Sharma और Chris Gayle में से किसी एक को चुनना था। इस सवाल ने क्रिकेट फैंस के बीच लंबे समय से चल रही बहस को और दिलचस्प बना दिया।
IPL 2026 प्रमोशन में हुआ यह मजेदार सेगमेंट
दरअसल, Indian Premier League 2026 के प्रमोशनल सेगमेंट के दौरान कोहली को एक “This or That” चैलेंज दिया गया। इस खेल में उन्हें अलग-अलग ओपनरों में से एक को चुनते हुए आगे बढ़ना था। शुरुआत में उन्होंने Adam Gilchrist को Sunil Narine से बेहतर बताया। इसी तरह कई खिलाड़ियों की तुलना होती रही और आखिर में मुकाबला रोहित शर्मा और क्रिस गेल के बीच पहुंच गया।
रोहित और गेल में किसे चुना कोहली ने?
जब अंतिम सवाल पूछा गया कि रोहित शर्मा और क्रिस गेल में से टी20 इंटरनेशनल का सबसे बेहतरीन ओपनर कौन है, तो विराट कोहली ने क्रिस गेल को चुना। कोहली ने साफ कहा कि उनकी यह राय सिर्फ T20I फॉर्मेट के आधार पर है। इस फॉर्मेट में गेल की आक्रामक बल्लेबाजी और बड़े-बड़े शॉट्स उन्हें सबसे अलग बनाते हैं।
फॉर्मेट के हिसाब से बदल सकती है राय
विराट कोहली ने यह भी संकेत दिया कि अगर बात वनडे क्रिकेट की हो, तो तस्वीर अलग हो सकती है। वनडे में रोहित शर्मा को दुनिया के सर्वश्रेष्ठ ओपनरों में गिना जाता है और उनके नाम कई बड़े रिकॉर्ड भी हैं। इसी तर्क के आधार पर कोहली ने Virender Sehwag को Sachin Tendulkar से ऊपर रखा, क्योंकि तेंदुलकर ने टी20 इंटरनेशनल बहुत कम खेले थे।
IPL 2026 में फिर मैदान पर दिखेंगे कोहली
फैंस जल्द ही विराट कोहली को फिर से मैदान पर खेलते देखेंगे। उनकी टीम Royal Challengers Bengaluru आईपीएल 2026 में अपना पहला मुकाबला 28 मार्च को Sunrisers Hyderabad के खिलाफ खेलेगी। यह मैच M. Chinnaswamy Stadium में खेला जाएगा।