Sports

कोलकाता : टी20 विश्व कप के सेमीफ़ाइनल में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ मिली बड़ी जीत के बाद अब मिचेल सैंटनर की नजर अहमदाबाद में होने वाले फाइनल पर है। सेमीफाइनल में उनकी टीम ने 170 रनों के लक्ष्य को सिफऱ् 12.3 ओवरों में हासिल कर लिया। इस जीत के बाद सैंटनर ने कहा है कि उनकी पूरी कोशिश होगी कि फाइनल में भी इसी तरह के प्रदर्शन को दोहराया जाए, लेकिन उन्हें यह भी पता है कि फाइनल की पिच और परिस्थितियां बिल्कुल अलग होंगी। 

ईडन गाडर्न्स के मैदान पर न्यूजीलैंड की टीम ने मैच की शुरुआत से ही दक्षिण अफ्रीका पर दबाव बनाए रखा। पावरप्ले में ही उनके गेंदबाजों ने क्विंटन डी कॉक और रायन रिकलटन का विकेट गिरा दिया था। इसके बाद जब न्यूजीलैंड की बल्लेबाजी की बारी आई तो फिन एलन और टिम सिफर्ट ने पावरप्ले में ही 84 रन बना कर 170 के लक्ष्य को काफी छोटा बना दिया। 

सैंटनर ने मैच के बाद कहा, 'अगर हम पावरप्ले में विकेट गंवा देते तो मुकाबला थोड़ा मुश्किल हो सकता था। लेकिन फिन और सिफर्ट ने शुरुआत से ही आक्रमण जारी रखा। विकेट गिरने के बाद भी फिन ने वही लय बनाए रखी। गेंदबाजी में हमने पहले दो ओवर के लिए एक योजना बना कर रखी थी, जहां हमने मकौंकी का इस्तेमाल करते हुए विकेट हासिल किए। इसके बाद हमने सोचा था कि मैच जैसा चलेगा, हम उसी हिसाब से फैसले लेंगे।'