Sports

खेल डैस्क : दुनिया के महानतम ट्वंटी-20 ऑलराऊंडर्स में से एक बेन स्टोक्स पर आईपीएल ऑक्शन 2023 में पैसों की अच्छी बरसता हुई है। स्टोक्स के लिए 5 टीमों ने बोली लगाई लेकिन आखिरकार चेन्नई सुपर किंग्स उन्हें 16.25 करोड़ की कीमत के साथ अपने साथ लाने में सफल रहा। स्टोक्स के चेन्नई में आने के बाद अब प्रबंधन को महेंद्र सिंह धोनी का एक विकल्प मिलता नजर आ रहा है। चेन्नई के पास अब रविंद्र जडेजा, मोईन अली, शिवम दुबे, मिचेल सेंटनर, ड्वेन प्रिटोरियस और बेन स्टोक्स जैसे ऑलराऊंडर हैं।

ऐसे बढ़ते गए स्टोक्स के भाव
बेन स्टोक्स के लिए सबसे पहले राजस्थान रॉयल्स और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने दाव लगाया था। राजस्थान बोली को 6.75 करोड़ तक ले गया तो लखनऊ सुपर जायंट्स की एंट्री हो गई। बोली 7.75 पर गई तो सनराइजर्स हैदराबाद ने भी दावदेार दिखा दी। लखनऊ और हैदराबाद में 15 करोड़ तक जंग चली जब चेन्नई सुपर किंग्स ने भी बोली में एंट्री मार ली। इसके बाद सुपर किंग्स ने 16.25 करोड़ की आखिरी बोली लगाकर स्टोक्स को अपनी टीम के साथ मिला लिया। 

 


आईपीएल में प्रदर्शन
स्टोक्स ने आईपीएल में खेले 43 मैचों में 920 रन बनाए हैं जिसमें 25 की औसत और 134 की स्ट्राइक रेट भी शामिल है। वह 2 शतक और 2 अर्धशतक भी आईपीएल में लगा चुके हैं। स्टोक्स 28 विकेट भी ले चुके हैं। 

2017 में पहली बार खेला आईपीएल
आईपीएल नीलामी 2017 में बेन स्टोक्स ने शानदार प्रदर्शन किया था। राइजिंग पुणे सुपरजाइंट्स ने लिए उन्होंने अच्छी क्रिकेट खेली और 300 से अधिक रन बनाने के अलावा 10 विकेट भी लीं। 2018 में वह राजस्थान रॉयल्स के साथ आए लेकिन उनका बल्ला खामोश रहा, गेंदें भी आग उगल नहीं पाईं। आईपीएल 2019 में भी वह कुछ खास प्रदर्शन नहीं कर पाए। लेकिन टी-20 विश्व कप 2022 में इंगलैंड के चैम्पियन बनने के बाद उनके भाव फिर से बढ़ गए हैं। इसका बड़ा फायदा उन्हें आईपीएल ऑक्शन में देखने को मिला है।