Sports

नई दिल्ली: टी20 वर्ल्ड कप 2026 से पहले पाकिस्तान के स्टार बल्लेबाज बाबर आजम ने बड़ा धमाका कर दिया है। बाबर आजम अब टी20 इंटरनेशनल में सबसे ज्यादा अर्धशतक लगाने वाले बल्लेबाज बन गए हैं। उन्होंने यह उपलब्धि ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ तीसरे टी20 मुकाबले में 50 रन की पारी खेलकर हासिल की।

यह बाबर के करियर का 39वां टी20 इंटरनेशनल अर्धशतक रहा, जिसके साथ ही उन्होंने भारत के दिग्गज बल्लेबाज विराट कोहली का वर्ल्ड रिकॉर्ड तोड़ दिया। कोहली ने अपने टी20I करियर में 38 अर्धशतक लगाए थे।

विराट कोहली का रिकॉर्ड दो साल बाद टूटा

विराट कोहली ने 2024 टी20 वर्ल्ड कप फाइनल में साउथ अफ्रीका के खिलाफ मैच विनिंग अर्धशतक जमाया था। भारत की खिताबी जीत के बाद उन्होंने टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट से संन्यास ले लिया था। करीब दो साल बाद अब बाबर आजम ने उनका यह ऐतिहासिक रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है।

कम पारियों में कोहली का जलवा, लेकिन रिकॉर्ड बाबर के नाम

बाबर आजम ने 139 टी20I पारियों में 39 अर्धशतक पूरे किए हैं, जबकि विराट कोहली ने 125 पारियों में 38 फिफ्टी लगाई थीं।
इस सूची में आगे ये नाम शामिल हैं:

T20I में सबसे ज्यादा अर्धशतक

39 – बाबर आजम
38 – विराट कोहली
32 – रोहित शर्मा
31 – मोहम्मद रिजवान
30 – डेविड वॉर्नर

इनमें से कोहली, रोहित शर्मा और डेविड वॉर्नर टी20 इंटरनेशनल से संन्यास ले चुके हैं, जबकि मोहम्मद रिजवान फिलहाल पाकिस्तान की टी20 टीम से बाहर चल रहे हैं।

ऑस्ट्रेलिया का क्लीन स्वीप, पाकिस्तान का दबदबा

बाबर आजम और सैम अयूब की अर्धशतकीय पारियों के दम पर पाकिस्तान ने तीसरे टी20 में ऑस्ट्रेलिया को 111 रन से करारी शिकस्त दी। इसके साथ ही पाकिस्तान ने सीरीज में ऑस्ट्रेलिया का क्लीन स्वीप कर दिया।

पाकिस्तान ने पहला मुकाबला 22 रन से जीता था, जबकि दूसरा टी20 90 रन के बड़े अंतर से अपने नाम किया।

सीरीज में सलमान आगा रहे टॉप स्कोरर

पाकिस्तान के कप्तान सलमान अली आगा सीरीज में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज रहे। उन्होंने 120 रन बनाए। वहीं सैम अयूब ने 119 रन की शानदार पारी खेली। पाकिस्तानी टीम इस शानदार फॉर्म को आगामी टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भी बरकरार रखना चाहेगी।

टी20 वर्ल्ड कप 2026 के लिए पाकिस्तान की टीम

सलमान अली आगा (कप्तान), अबरार अहमद, बाबर आजम, फहीम अशरफ, फखर जमान, ख्वाजा मोहम्मद नफे, मोहम्मद नवाज, मोहम्मद सलमान मिर्जा, नसीम शाह, साहिबजादा फरहान, सैम अयूब, शाहीन शाह अफरीदी, शादाब खान, उस्मान खान, उस्मान तारिक.