Sports

डेट्रोएट: भारतीय गोल्फर अर्जुन अटवाल चौथे और अंतिम दौर में अपनी शानदार लय बरकरार रखने में नाकाम रहे और एक ओवर 73 का स्कोर बनाने से उन्हें यहां पीजीए टूर रॉकेट मोर्टगेज क्लासिक में 45वें स्थान से संतोष करना पड़ा। अटवाल ने चार दौर में 70-69-66-73 के कार्ड खेले और उनका कुल स्कोर दस अंडर 278 रहा। पीजीए टूर में वापसी के बाद पहली तीन प्रतियोगिताओं में शीर्ष तीन में रहने वाले ब्रायसन डिचेम्बो आखिर में खिताब जीतने में सफल रहे।

डिचेम्बो ने अंतिम दौर में 65 का कार्ड खेला। उन्होंने पहले सात होल में से चार में बर्डी बनायी और लगातार तीन बर्डी के साथ अपने अभियान का अंत किया। उन्होंने अपने करियर का सर्वश्रेष्ठ 23 अंडर 265 का स्कोर बनाया। उन्होंने मैथ्यू वॉल्फ (71) को तीन शॉट से हराया। केविन किसनर (66) तीसरे स्थान पर रहे। अटवाल चौथे दौर में किसी भी समय अच्छी स्थिति में नहीं दिखे। उन्होंने 11 अंडर से शुरुआत की और पहले तीन होल में पार स्कोर बनाया। इसके बाद वह चौथे होल में बोगी और पांचवें होल में डबल बोगी कर बैठे।