Sports

चेन्नई : दे दनादन क्रिकेट इंडियन प्रमियर लीग (आईपीएल) 2026 जैसे-जैसे आगे बढ़ता जा रहा है अब हर दिन पर्पल और ऑरेंज कैप तालिका में बदलाव हो रहे है। इसी क्रम में मंगलवार को चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) और कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) के बीच हुए मुकाबले के बाद अंशुल कम्बोज और प्रसिद्ध कृष्णा के 10-10 विकेट हो गए हैं लेकिन पर्पल केप पर प्रसिद्ध का कब्जा है। 

CSK के मध्यम तेज गेंदबाज अंशुल कम्बोज अब तक एक भी मैच ऐसा नहीं खेले हैं जिसमें उन्हें विकेट न मिला हो। पांच मैचों में सिर्फ एक बार ऐसा हुआ जब वे दो या उससे अधिक विकेट नहीं ले सके। एमए चिंदबरम स्टेडियम में खेले कल खेले गए मुकाबले में कम्बोज ने KKR के खिलाफ 32 रन देकर 2 विकेट झटके इसी के साथ उनके इस सीजन में कुल 10 विकेट हो गए। 

अब वे प्रसिद्ध कृष्णा (गुजरात टाइटंस) के साथ संयुक्त रूप से टॉप पर पहुंच गए हैं। हालांकि बेहतर इकॉनमी रेट के चलते पर्पल कैप अभी भी कृष्णा के पास ही है। इस तालिका में रवि बिश्नोई (राजस्थान रॉयल्स) 9 विकेट के साथ तीसरे नंबर पर हैं। उनके बाद जोफ्रा आर्चर 7 विकेट के साथ चौथे नंबर पर हैं। इसके बाद तीन गेंदबाज छह-छह विकेट के साथ मौजूद हैं, प्रिंस यादव (लखनऊ सुपर जायंट्स), जैकब डफी (रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु) और केकेआर के वैभव अरोड़ा, जिन्होंने CSK के खिलाफ एक विकेट हासिल किया। 

ऑरेंज कैप तालिका में शीर्ष पर कोई बदलाव नहीं हुआ है। हाइनरिक क्लासन (224 रन) और इशान किशन (213 रन) अब भी पहले और दूसरे स्थान पर हैं। राजस्थान रॉयल्स के वैभव सूर्यवंशी 200 रन के साथ तीसरे नंबर पर बने हुए हैं। अभी तक केवल यही तीन बल्लेबाज 200 या उससे ज़्यादा रन तक पहुंच सके हैं। उनके बाद चौथे नंबर पर RCB के रजत पाटीदार 195 रन के साथ हैं। वहीं पांचवें नंबर पर एक नया नाम संजू सैमसन (185) का जुड़ा है।