नई दिल्ली : इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 के 35वें और 36वें मुकाबले के दौरान एक ही दिन तीन बार ऑरेज कैप के विजेता बदले। दिन के आखिरी मुकाबले बाद सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) के अभिषेक शर्मा ने इस पर अपना कब्जा कर लिया है। वहीं पर्पल कैपर अंशुल कम्बोज के पास है।
दिल्ली में शाम ढलते-ढलते दिल्ली के सलामी बल्लेबाज केएल राहुल ने नाबाद 152 रन बनाकर नंबर वन स्थान हासिल कर लिया, जो टी-20 क्रिकेट इतिहास में किसी भारतीय द्वारा बनाया गया सर्वोच्च स्कोर है। 7 पारियों में 357 रन के साथ राहुल शीर्ष पर पहुंचे, लेकिन वहां दो घंटे भी नहीं टिक सके। जयपुर में वैभव सूर्यवंशी ने 37 गेंदों में 103 रन ठोककर 357 रन तक पहुंचते हुए बेहतर स्ट्राइक रेट के आधार पर ऑरेंज कैप अपने नाम कर ली।
एक घंटे बाद SRH के सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा 29 गेंदों में 57 रन बनाकर बल्लेबाजी तालिका में सबसे ऊपर पहुंच गए। 8 पारियों में चौथी बार 50 से अधिक स्कोर बनाकर अभिषेक अब 380 रन के साथ बल्लेबाजी तालिका में शीर्ष पर हैं, जो सूर्यवंशी और राहुल दोनों से 23 रन ज्यादा हैं।
हाइनरिक क्लासन ने SRH की जीत में 29 रन बनाकर शीर्ष पांच में अपनी जगह मजबूत की और चौथे स्थान पर पहुंच गए। उनके नाम 349 रन हैं और वह कोहली से थोड़ा आगे हैं। विराट कोहली (320 रन) 24 घंटे के भीतर पहले स्थान से फिसलकर पांचवें स्थान पर पहुंच गए, क्योंकि शनिवार को पंजाब किंग्स ने दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ 265 रन का लक्ष्य हासिल किया, जबकि सनराइजर्स हैदराबाद (एसआरएच) ने भी राजस्थान रॉयल्स (आरआर) के खिलाफ 229 रन का पीछा किया।
पर्पल कैप मामले में एसआरएच के तेज गेंदबाज इशान मलिंगा ने आरआर के खिलाफ दो विकेट लेकर 38 रन दिए और अब चेन्नई सुपर किंग्स के अंशुल कंबोज के बेहद करीब पहुंच गए हैं। मलिंगा ने यशस्वी जायसवाल और डोनोवन फरेरा को आउट किया। दोनों गेंदबाज़ों के नाम अब 14 विकेट हैं, हालांकि बेहतर इकॉनमी रेट (8.95 बनाम 9.44) की वजह से कंबोज के पास अभी भी पर्पल कैप है।
RR के तेज गेंदबाज जोफ्रा आर्चर ने 34 रन देकर दो विकेट लिए और शानदार गेंदबाजी की, हालांकि अपनी टीम को जीत नहीं दिला सके। फिर भी ट्रैविस हेड और इशान किशन के अहम विकेट लेकर वह गेंदबाजी तालिका में संयुक्त रूप से तीसरे स्थान पर पहुंच गए। उनके नाम 13 विकेट हैं, जो जितने लखनऊ सुपर जायंट्स के प्रिंस यादव के बराबर हैं। गुजरात टाइटंस के तेज गेंदबाज प्रसिद्ध कृष्णा 12 विकेट के साथ शीर्ष पांच में शामिल हैं।