Sports

नई दिल्ली : रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) ने सोमवार को दिल्ली कैपिटल्स (DC) को उनके IPL  2026 घरेलू मुकाबले में 75 रन पर ऑलआउट कर दिया। गेंद के साथ RCB के शानदार प्रदर्शन के चलते पर्पल कैप लीडरबोर्ड में नया लीडर सामने आया। मैच में सिर्फ 152 रन बने, लेकिन फिर भी ऑरेंज कैप की रैंकिंग में भी बदलाव हुआ। 

पर्पल कैप लीडरबोर्ड 

भुवनेश्वर कुमार ने DC के खिलाफ 3-0-5-3 के आंकड़े दर्ज किए जिसमें उनके तीनों विकेट पावरप्ले में आए और RCB ने DC को 81 गेंद शेष रहते 9 विकेट से रौंद दिया। इसके साथ ही भुवनेश्वर अब पर्पल कैप की दौड़ में सबसे आगे हैं। 

अंशुल कंबोज और इशान मलिंगा की तरह भुवनेश्वर के भी 14 विकेट हैं लेकिन उनका औसत 16.85, उन्हें कंबोज (16.92) और मलिंगा (18.21) से आगे ले गया। RCB के बाएं हाथ के स्पिनर क्रुणाल पांड्या ने DC के खिलाफ एक विकेट लेकर शीर्ष 10 विकेट लेने वालों की सूची में जगह बनाई। उनके अब 9 विकेट हैं, जो कि कार्तिक त्यागी, जेमी ओवटर्न और वैभव अरोड़ा के बराबर हैं, लेकिन उनका औसत (26.55), अन्य तीनों से बेहतर है। 

जॉश हेजलवुड ने भी भुवनेश्वर का साथ देते हुए पावरप्ले में तीन विकेट झटके, जिससे डीसी का स्कोर IPL इतिहास के सबसे खराब पावरप्ले स्कोर 13/6 तक पहुंच गया। बाद में उन्होंने एक और विकेट लिया और 3.3-0-12-4 के आंकड़े के साथ मैच ख़त्म किया। उनके विकेटों की संख्या अब दोगुनी होकर आठ हो गई है और वह 14वें स्थान पर पहुंच गए हैं। 

ऑरेंज कैप 

विराट कोहली ने दिल्ली में 76 रन के मामूली लक्ष्य का पीछा करते हुए नाबाद 23 रन बनाए और IPL में 9000 रन पूरे किए। इस पारी के साथ वह ऑरेंज कैप की सूची में चौथे स्थान पर पहुंच गए। उनके 351 रन हैं, जबकि औसत 58.50 का है। कोहली अब वैभव सूर्यवंशी से सिर्फ छह रन पीछे हैं, जबकि सूर्यवंशी, खुद केएल राहुल से केवल एक रन पीछे हैं। 

डीसी के सलामी बल्लेबाज राहुल ने RCB के खिलाफ सिर्फ एक रन बनाया, लेकिन इतना ही उन्हें सूर्यवंशी से आगे ले जाने और 358 रन के साथ दूसरे स्थान पर पहुंचाने के लिए काफी था। ऑरेंज कैप की रेस में अब भी सनराइजर्स हैदराबाद के ओपनर अभिषेक शर्मा शीर्ष पर हैं, जिनके 380 रन हैं और उनका औसत 54.28 है।