स्पोर्ट्स डेस्क : भारतीय युवा बाएं हाथ के स्पिनर मानव सुथार का शानदार प्रदर्शन लगातार जारी है। अफगानिस्तान के खिलाफ टीम इंडिया के लिए यादगार टेस्ट डेब्यू करने के कुछ ही दिनों बाद सुथार ने इंग्लैंड की प्रतिष्ठित काउंटी चैंपियनशिप में भी अपनी छाप छोड़ दी। वारविकशायर की ओर से खेलते हुए उन्होंने समरसेट के खिलाफ पहली बार पांच विकेट लेने का कारनामा किया।
दूसरी पारी में झटके पांच विकेट
वारविकशायर ने मानव सुथार को दो मैचों के लिए अपनी टीम में शामिल किया था। समरसेट के खिलाफ मुकाबले में उन्होंने दूसरी पारी में 46.5 ओवर गेंदबाजी करते हुए 100 रन देकर पांच विकेट हासिल किए। पहली पारी में भी उन्होंने 18 ओवर में 50 रन देकर दो विकेट अपने नाम किए। इस तरह पूरे मैच में उन्होंने सात विकेट लेकर विपक्षी बल्लेबाजों को खूब परेशान किया।
दो मैचों में 11 विकेट लेकर छोड़ी छाप
मानव सुथार ने अपने दो मैचों के काउंटी करियर का शानदार अंत किया। उन्होंने दो मुकाबलों में कुल 11 विकेट हासिल किए। इससे पहले यॉर्कशायर के खिलाफ अपने काउंटी डेब्यू मैच में भी उन्होंने चार विकेट झटके थे। भारत के लिए टेस्ट डेब्यू और उसके बाद काउंटी में लगातार शानदार प्रदर्शन ने उनकी गेंदबाजी की खूब चर्चा कराई है।
ऐसे पूरा किया पांच विकेट का कारनामा
समरसेट की पहली पारी सिर्फ 20 रन पर सिमट गई, जिसमें सुथार ने दो विकेट लिए। दूसरी पारी में हालांकि समरसेट ने 435 रन बनाए, लेकिन इस दौरान भी भारतीय स्पिनर का दबदबा देखने को मिला।
सुथार ने सबसे पहले जॉर्डन हरमन को 34 रन पर आउट किया। इसके बाद उन्होंने टॉम कोहलर-कैडमोर को अपनी फ्लाइट से चकमा देकर पवेलियन भेजा। नाइटवॉचमैन जोश शॉ ने 22 रन बनाकर संघर्ष जरूर किया, लेकिन वह भी सुथार की गेंद पर स्लिप में कैच दे बैठे। इसके बाद भारतीय स्पिनर ने निचले क्रम के बल्लेबाजों को आउट कर अपना पहला काउंटी फाइव विकेट हॉल पूरा किया।