स्पोर्ट्स डेस्क : इंग्लैंड के खिलाफ तीसरे टी20 मुकाबले में भारतीय सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा के पास बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम करने का सुनहरा मौका होगा। अगर वह 29 रन बना लेते हैं तो भारत के दो दिग्गज बल्लेबाज महेंद्र सिंह धोनी और सुरेश रैना को पीछे छोड़ते हुए भारत के सातवें सबसे ज्यादा टी20I रन बनाने वाले बल्लेबाज बन जाएंगे।
रिकॉर्ड पर अभिषेक शर्मा की नजर
शानदार फॉर्म में चल रहे अभिषेक शर्मा ने मौजूदा इंग्लैंड दौरे पर आयरलैंड के खिलाफ गोल्डन डक को छोड़कर लगातार प्रभावशाली बल्लेबाजी की है। इंग्लैंड के खिलाफ पहले टी20 में उन्होंने 59 और दूसरे टी20 में 43 रन की अहम पारी खेली। अब ट्रेंट ब्रिज में खेले जाने वाले तीसरे मुकाबले में उनके पास भारत के ऑलटाइम टी20I रन स्कोरर्स की सूची में बड़ी छलांग लगाने का मौका है।
धोनी और रैना का रिकॉर्ड तोड़ने से कितने रन दूर?
अभिषेक ने अब तक 49 पारियों में 1,589 रन बनाए हैं। उनके नाम दो शतक और 11 अर्धशतक दर्ज हैं। भारत के लिए टी20I में सुरेश रैना ने 1,605 रन बनाए हैं, जबकि पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी के नाम 1,617 रन हैं। अभिषेक को रैना से आगे निकलने के लिए 17 रन और धोनी को पीछे छोड़ने के लिए 29 रन की जरूरत है। हालांकि छठे स्थान पर मौजूद शिखर धवन (1,759 रन) तक पहुंचने के लिए उन्हें अभी लंबा सफर तय करना होगा।
भारत के टॉप-5 टी20I रन स्कोरर
भारत के लिए टी20I में सबसे ज्यादा रन रोहित शर्मा (4,231) के नाम हैं। उनके बाद विराट कोहली (4,188), सूर्यकुमार यादव (3,272), हार्दिक पंड्या (2,288) और केएल राहुल (2,265) का स्थान है।
मौजूदा भारतीय टीम में सबसे आगे अभिषेक
इंग्लैंड दौरे पर मौजूद भारतीय टी20 टीम में अभिषेक शर्मा सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं। उनके बाद तिलक वर्मा (1,501), संजू सैमसन (1,405), ईशान किशन (1,390) और कप्तान श्रेयस अय्यर (1,222) का नंबर आता है।
शिवम दुबे के पास भी रिकॉर्ड बनाने का मौका
तीसरे टी20 में शिवम दुबे के पास भी खास उपलब्धि हासिल करने का मौका होगा। दूसरे टी20 में उन्होंने गेंदबाजी नहीं की थी, लेकिन अगर ट्रेंट ब्रिज में उन्हें गेंदबाजी का मौका मिलता है और वह एक विकेट हासिल कर लेते हैं तो भारत के पूर्व तेज गेंदबाज आशीष नेहरा को टी20I विकेटों की सूची में पीछे छोड़ देंगे। दुबे ने हाल ही में आयरलैंड के खिलाफ दो मैचों में तीन विकेट लिए थे और अब इंग्लैंड में पहली बार गेंदबाजी करते हुए नया रिकॉर्ड बना सकते हैं।