चोरलू तुर्की ( निकलेश जैन ) तुर्की के 14 वर्षीय शतरंज खिलाड़ी यागिज़ काआन एरदोगमुस ने विश्व शतरंज में इतिहास रचते हुए 2700 एलो रेटिंग का आंकड़ा पार कर लिया है। उन्होंने पूर्व विश्व चैंपियन वेसलिन टोपालोव को छह मैचों की श्रृंखला में 5-1 से हराकर लाइव रेटिंग 2709.4 तक पहुंचा दी। इस उपलब्धि के साथ वह 2700 क्लब में शामिल होने वाले अब तक के सबसे कम उम्र के खिलाड़ी बन गए हैं।
एरदोगमुस ने यह उपलब्धि 14 वर्ष, 10 महीने और 27 दिन की उम्र में हासिल की, जिससे उन्होंने चीन के वेई यी का रिकॉर्ड तोड़ दिया, जिन्होंने 15 वर्ष, 8 महीने और 27 दिन में यह मुकाम पाया था। इससे पहले अलीरेज़ा फिरोज़ा, डी गुकेश और मैग्नस कार्लसन जैसे दिग्गज खिलाड़ी भी 16 वर्ष की उम्र के आसपास ही 2700 तक पहुंचे थे।
दिलचस्प बात यह है कि एरदोगमुस ने 16 अप्रैल 2026 को ही लाइव रेटिंग में 2700 का आंकड़ा पार कर लिया था, जब वह सिर्फ 14 वर्ष, 10 महीने और 13 दिन के थे।
अब सवाल यह है कि क्या वह दुनिया के टॉप-10 खिलाड़ियों में जगह बनाने वाले सबसे कम उम्र के खिलाड़ी भी बन सकते हैं? फिलहाल यह रिकॉर्ड गाटा काम्स्की के नाम है, जिन्होंने 16 वर्ष और 29 दिन की उम्र में विश्व रैंकिंग में आठवां स्थान हासिल किया था।
एरदोगमुस के पास इस रिकॉर्ड को तोड़ने के लिए जुलाई 2027 तक का समय है। वर्तमान में वह लाइव रैंकिंग में लगभग 29वें स्थान पर हैं और टॉप-10 में पहुंचने के लिए उन्हें करीब 2755–2760 रेटिंग तक जाना होगा। यानी उन्हें लगभग 45–50 रेटिंग अंकों की और जरूरत है, जो 2700 स्तर पर हासिल करना बेहद कठिन माना जाता है।
हालांकि जिस गति से एरदोगमुस आगे बढ़ रहे हैं, उसे देखते हुए विशेषज्ञ मानते हैं कि वह यह करिश्मा भी कर सकते हैं।
विश्व शतरंज में उभरती यह नई प्रतिभा आने वाले समय में खिताबों की दौड़ को और रोमांचक बना सकती है।