Sports

खेल डैस्क : ऑस्ट्रेलिया के कप्तान और मिचेल स्टार्क की पत्नी एलिसा हीली ने महिला प्रीमियर लीग 2024 के दौरान अपना गुस्सा एक प्रशंसक पर उतार दिया। यूपी वॉरियर्स और मुंबई इंडियंस के बीच खेले गए मुकाबले के दौरान यह घटना हुई। हुआ यूं कि एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में मुंबई इंडियन की पारी की अंतिम गेंद  फेंकी जानी थी, इस दौरान एक दर्शक सुरक्षा घेरा तोड़कर मैदान पर घुस गया। इससे सुरक्षाकर्मियों में अफरा-तफरी मच गई। हीली जो उस वक्त विकेटकीपिंग ग्लव्स पहने हुई थी, को जब लगा कि उक्त प्रशंसक तेजी से उनकी ओर आ रहा है तो उन्होंने उसे धक्का मार दिया। इससे पहले ऑस्ट्रेलिया के एंड्रयू साइमंड्स और सैम केर भी पिच इनवेडर के साथ ऐसा बर्ताव कर चुके हैं। उक्त घटना के चलते आखिरी गेंद फेंकने में करीब 5 से 7 मिनट खराब हो गए।


मुकाबले की बात करें तो मुंबई इंडियंस ने पहले खेलते हुए 161 रन बनाए थे लेकिन यूपी ने 21 गेंद शेष रहते मैच जीत लिया। ग्रेस हैरिस 17 गेंदों पर 38 रन बनाकर नाबाद रहीं। उन्होंने दीप्ति शर्मा के साथ 65 रन की साझेदारी की, जिन्होंने नाबाद 27 रन बनाए। किरण नवगिरे ने सलामी बल्लेबाज के रूप में 57 (31) रन बनाए। इससे पहले, मुंबई के लिए हेले मैथ्यूज ने 55 (47) रन का योगदान दिया, जिससे एमआई ने 20 ओवरों में 6-161 रन बनाने में सफल रही। यह यूपी वॉरियर्स की महिला प्रीमियर लीग में पहली जीत थी। 


प्वाइंट टेबल की बात करें तो आरसीबी 2 मुकाबले जीतकर अभी पहले नंबर पर बनी हुई है। मुंबई 3 में से दो मुकाबले जीतकर दूसरे नंबर पर आ गई है। दिल्ली कैपिटल्स और यूपी वारियर्स ने अभी 1-1 मुकाबला जीता है लेकिन दिल्ली बढ़िया नेट रन रेट के कारण तीसरे स्थान पर है। आखिरी स्थान पर गुजरात जायंट्स है जोकि दोनों मैच गंवा चुकी है।