Sports

स्पोर्ट्स डैस्क : आईपीएल 2023 में चेन्नई सुपर किंग्स को 5वीं बार चैंपियन बनाने के बाद अब कप्तान महेंद्र सिंह धोनी अपने होम टाउन रांची में समय बिता रहे हैं। धोनी की सोशल मीडिया पर एक तस्वीर सामने आई है, जिसमें वह अपने खास दोस्तों के साथ नजर आए। रोचक बात यह है कि तस्वीर में उनके बड़े भाई भी दिखे, जिनका नाम नरेंद्र सिंह धोनी है। 

राजनीति में इस पार्टी में हैं शामिल

वैसे तो धोनी के बड़े भाई चर्चा में नहीं रहते हैं। धोनी भी उनके साथ बहुत कम नजर आते हैं। अब जब उनके बड़े भाई की तस्वीर लंबे समय बाद सामने आई तो यह हर कोई जानने के लिए उस्तुक है कि वो आखिर करते क्या हैं। आपको बता दें कि नरेंद्र धोनी एक राजनेता हैं, जो 2013 में समाजवादी पार्टी में शामिल हुए थे। हालांकि, वह सपा में शामिल होने से पहले भारतीय जनता पार्टी के लिए काम करते थे। नरेंद्र धोनी की शादी 21 नवंबर, 2007 में हुई थी। उनके एक बेटा और एक बेटी है। नरेंद्र अपनी पत्नी और बच्चों के साथ रांची में ही रहते हैं, साथ ही वह उत्तराखंड में अपने पैतृक गांव में भी कुछ समय बिताते हैं।

जीते हैं आम जीवन

खास बात यह है कि धोनी दुनिया के सबसे मशहूर खिलाड़ियों में से एक हैं। अगर अन्य क्रिकेटरों की बात करें तो उनके भाई वह रिश्तेदार भी कई बार चर्चा में आते रहते हैं, लेकिन धोनी के भाई नरेंद्र सोशल मीडिया से दूर तो रहते ही हैं, लेकिन साथ ही एक आम जीवन व्यतीत करने में भी विश्वास रखते हैं। इस वजह से उनके व्यवसाय और नेटवर्थ के बारे में कोई खास जानकारी नहीं है। यहां तक एमएस धोनी की बायोपिक में भी उनके बड़े भाई को नहीं दिखाया गया था। वह धोनी से लगभग 10 साल बड़े हैं।