Sports

लाहौर : पाकिस्तान के अनुभवी ऑलराउंडर मोहम्मद नवाज ने इस साल की शुरुआत में भारत और श्रीलंका की संयुक्त मेजबानी में हुए टी20 विश्व कप के दौरान डोप परीक्षण में पॉजिटिव पाए जाने के बाद अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) और पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) को अपना जवाब सौंप दिया है जिसमें उन्होंने जोर देकर कहा है कि उन्होंने जानबूझकर कोई भी प्रतिबंधित पदार्थ नहीं लिया था। 

PCB के एक सूत्र ने बृहस्पतिवार को बताया कि नवाज ने जानबूझकर किसी भी प्रतिबंधित पदार्थ या मौज-मस्ती के लिए नशीले पदार्थों का इस्तेमाल करने से इनकार किया है। सूत्र ने दावा किया, 'उन्होंने बताया है कि उन्होंने स्वास्थ्य संबंधी किसी समस्या के लिए कुछ दवाएं ली थीं लेकिन कोई भी नशीला पदार्थ नहीं लिया।' 

विश्व कप के दौरान अधिकारियों द्वारा किए गए परीक्षण में पॉजिटिव पाए जाने के बाद नवाज पर ड्रग्स के कथित इस्तेमाल को लेकर ICC और PCB की जांच चल रही है। इस बाएं हाथ के स्पिनर को पाकिस्तान सुपर लीग में मुल्तान सुल्तान्स के लिए खेलने की अनुमति दे दी गई है लेकिन ICC कुछ दिनों में PCB को आगे की कार्रवाई के बारे में सूचित करेगा। यदि ICC उनके स्पष्टीकरण से संतुष्ट नहीं होता है तो नवाज पर क्रिकेट से पूरी तरह से प्रतिबंध लग सकता है।