Sports

चेन्नई : कॉफ इंजरी से उबर रहे एमएस धोनी की IPL 2026 में वापसी के लिए अभी और इंतजार करना पड़ सकता है क्योंकि वह अभी भी मैच फिटनेस पर काम करते प्रतीत हो रहे हैं। 28 मार्च को सीजन के पहले दिन चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) ने अपने बयान में बताया था कि धोनी पहले दो सप्ताह तक के लिए बाहर रह सकते हैं और वह रिहैब से गुजरेंगे। 

धोनी टीम के अन्य साथियों के साथ अभ्यास कर रहे हैं लेकिन वह केवल थ्रोडाउन का सामना कर रहे हैं और अभी भी उनका पूरी तरह से फिट होना बाकी है। सोमवार को कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) के खिलाफ घरेलू मैच की पूर्व संध्या पर चेपॉक में अंडर लाइट्स CSK के अभ्यास के अंतिम चरण में धोनी ने नेट्स में थोड़ी देर अभ्यास किया। लेकिन एक बार फिर उन्होंने सपोर्ट स्टाफ से केवल थ्रोडाउन का सामना किया, उन्हें अभ्यास कराने वालों में टीम के बल्लेबाजी कोच माइक हसी भी शामिल थे। 

जब हसी ने प्रैक्टिस पिच के बीच में गेंद डाली तो गेंद धोनी के बल्ले के जोड़ पर जा लगी। लेकिन जब गेंद उनके स्लॉट में पड़ी तब उन्होंने गेंद को अपने बॉटम हैंड का इस्तेमाल करते हुए मिडविकेट बाउंड्री की ओर भेज दिया। इसके बाद उन्होंने स्लॉट में पड़ी एक और गेंद को लेग साइड में‘जे'स्टैंड में भेज दिया। सीएसके का अभ्यास सत्र रात के नौ बजे समाप्त हुआ। धोनी ने विकेटकीपिंग का अभ्यास नहीं किया। 44 वर्षीय धोनी ने CSK के अब तक चारों मुकाबले मिस किए हैं और मंगलवार को भी वह खेलने से चूक सकते हैं। 

उन्होंने अब तक चेन्नई के बाहर CSK के मुकाबलों के लिए गुवाहाटी और बेंगलुरु की यात्रा नहीं की है। वहीं CSK के घरेलू मुक़ाबलों के लिए भी वह चेपॉक नहीं पहुंचे हैं। गुवाहाटी में पहली प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान टीम के मुख्य कोच स्टीफन फ्लेमिंग ने कहा था कि वह टीम से जुड़ी चर्चाओं में शामिल रहते हैं और टीम पर उनका प्रभाव अभी भी मजबूत है। धोनी की अनुपस्थिति में संजू सैमसन विकेटकीपिंग कर रहे हैं और इंग्लैंड के ऑलराउंडर जेमी ओवटर्न ने अपने खेल से फिनिशर की भूमिका अदा करने की झलक दिखाई है। 

CSK के पास राजस्थान के विकेटकीपर कार्तिक शर्मा भी हैं जिन्हें उन्होंने दिसंबर में हुई नीलामी में 14.2 करोड़ में खरीदा था, इसके अलावा उनके पास गुजरात के विकेटकीपर उर्विल पटेल का विकल्प भी मौजूद है। पिछले कुछ सीजन में धोनी ने प्रति पारी अंतिम 10-12 गेंदें खेलकर उनका अधिक से अधिक उपयोग करने की भूमिका निभाई है। 2023 में उनका स्ट्राइक रेट 182 था और 2024 में उन्होंने 221 के स्ट्राइक रेट से बल्लेबाज़ी की थी। लेकिन पिछले साल उन्हें 145 गेंदों का सामना करना पड़ा जो कि 2023 (57) और 2024 (73) में खेली गई गेंदों को मिलाकर भी ज़्यादा था और इसके परिणामस्वरूप उनका स्ट्राइक रेट घटकर 135 का रह गया। 

CSK को स्पेंसर जॉनसन के आने का भी इंतजार है जिन्हें उन्होंने नैथन एलिस के रिप्लेसमेंट के तौर पर अपने दल में शामिल किया था। जॉनसन खुद भी इस समय चोट से उबर रहे हैं और उनके 21 से 23 अप्रैल तक CSK के साथ जुड़ने की उम्मीद है। साउथ ऑस्ट्रेलिया में जॉनसन के घरेलू कोच ऑस्ट्रेलिया के पूर्व तेज गेंदबाज रायन हैरिस ने हाल ही में कहा था कि बाएं हाथ के तेज गेंदबाज ने गेंदबाजी शुरू कर दी है। CSK ने इस सीजन अपने चार मुक़ाबलों में से एक मैच जीता है और इस समय अंक तालिका में नौवें स्थान पर है।