स्पोर्ट्स डेस्क: भारत के युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी ने इंग्लैंड के खिलाफ मैनचेस्टर में खेले गए दूसरे टी20 मुकाबले में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में पदार्पण करते ही इतिहास रच दिया। महज 15 साल 3 महीने 7 दिन की उम्र में उन्होंने भारत के लिए डेब्यू करने वाले सबसे कम उम्र के खिलाड़ी बनने का गौरव हासिल कर लिया।
टीम इंडिया के मुख्य कोच गौतम गंभीर के प्रेरणादायक संबोधन के बाद वैभव को उनकी पहली इंटरनेशनल कैप तिलक वर्मा ने सौंपी। इसके बाद पूरी भारतीय टीम ने उन्हें गले लगाकर इस खास पल को यादगार बना दिया।
सचिन तेंदुलकर का रिकॉर्ड टूटा
वैभव ने अपने डेब्यू के साथ ही भारतीय क्रिकेट के कई बड़े रिकॉर्ड पीछे छोड़ दिए। उन्होंने सचिन तेंदुलकर का सबसे कम उम्र में भारत के लिए डेब्यू करने का रिकॉर्ड तोड़ दिया। सचिन ने 16 साल की उम्र में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में कदम रखा था, जबकि वैभव ने 15 साल की उम्र में ही यह उपलब्धि हासिल कर ली।
इतना ही नहीं, उन्होंने शेफाली वर्मा को भी पीछे छोड़ दिया, जिन्होंने 2019 में 15 साल 239 दिन की उम्र में भारत के लिए डेब्यू किया था।
आईपीएल और इंडिया-ए में किया था धमाकेदार प्रदर्शन
समस्तीपुर (बिहार) के रहने वाले वैभव सूर्यवंशी ने आईपीएल 2026 में राजस्थान रॉयल्स के लिए शानदार बल्लेबाजी करते हुए 776 रन बनाए थे और ऑरेंज कैप भी अपने नाम की थी। इसके बाद श्रीलंका में भारत-ए की ओर से खेलते हुए उन्होंने फाइनल में सिर्फ 11 गेंदों में लिस्ट-ए इतिहास का सबसे तेज अर्धशतक जड़ दिया था।
उन्होंने महज 29 गेंदों में 94 रन की विस्फोटक पारी खेलकर चयनकर्ताओं को प्रभावित किया, जिसके बाद उन्हें सीनियर भारतीय टीम में जगह मिली।
तीन मैच इंतजार के बाद मिला मौका
वैभव को आयरलैंड और इंग्लैंड दौरे के लिए भारतीय टीम में शामिल किया गया था, लेकिन वह आयरलैंड के दोनों टी20 और इंग्लैंड के खिलाफ पहले टी20 में प्लेइंग इलेवन का हिस्सा नहीं बन सके। आखिरकार मैनचेस्टर में उन्हें डेब्यू का मौका मिला और उन्होंने अपने पहले ही मैच में इतिहास रच दिया।
भारत के सबसे कम उम्र में डेब्यू करने वाले खिलाड़ी
वैभव सूर्यवंशी – 15 साल 3 महीने 7 दिन
शेफाली वर्मा – 15 साल 239 दिन
सचिन तेंदुलकर – 16 साल
पार्थिव पटेल – 17 साल 152 दिन
हरभजन सिंह – 17 साल 288 दिन
युवराज सिंह – 18 साल 124 दिन