स्पोर्ट्स डेस्क: भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने श्रीलंका के खिलाफ 15 अगस्त से शुरू होने वाली दो मैचों की टेस्ट सीरीज के लिए टीम इंडिया का ऐलान कर दिया है। इस टीम में सबसे बड़ा सरप्राइज 33 वर्षीय ऑलराउंडर सरांश जैन का पहला टेस्ट कॉल-अप रहा। सरांश को चोटिल वॉशिंगटन सुंदर की जगह टीम में शामिल किया गया है। वहीं, स्टार तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह और युवा बल्लेबाज साई सुधर्शन को भी स्क्वॉड में जगह मिली है, लेकिन दोनों की उपलब्धता उनकी फिटनेस पर निर्भर करेगी।
सरांश जैन को पहली बार मिला टीम इंडिया में मौका
मध्य प्रदेश के अनुभवी ऑलराउंडर सरांश जैन लंबे समय से घरेलू क्रिकेट में लगातार शानदार प्रदर्शन कर रहे थे। हाल ही में भारत ए की ओर से श्रीलंका ए के खिलाफ खेली गई अनऑफिशियल टेस्ट सीरीज में उन्होंने गेंद और बल्ले दोनों से दमदार प्रदर्शन किया था। दूसरे मुकाबले में उन्होंने छह विकेट झटके, जिसमें एक पारी में चार विकेट शामिल रहे। इसके अलावा उन्होंने नाबाद 70 रन की अहम पारी भी खेली और भारत ए ने यह मुकाबला 10 विकेट से जीतकर सीरीज 1-0 से अपने नाम की।
घरेलू क्रिकेट में शानदार रिकॉर्ड
सरांश जैन अब तक 54 प्रथम श्रेणी मुकाबले खेल चुके हैं। इस दौरान उन्होंने 27.30 की औसत से 188 विकेट लिए हैं, जिसमें 10 बार पांच विकेट लेने का कारनामा शामिल है। बल्लेबाजी में भी उनका रिकॉर्ड शानदार रहा है। उन्होंने 85 पारियों में 2,223 रन बनाए हैं, जिसमें दो शतक और 14 अर्धशतक शामिल हैं। उनके इसी लगातार प्रदर्शन का इनाम उन्हें पहली बार भारतीय टेस्ट टीम में चयन के रूप में मिला।
बुमराह और साई सुधर्शन की फिटनेस पर नजर
तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह और बाएं हाथ के बल्लेबाज साई सुधर्शन को स्क्वॉड में शामिल तो किया गया है, लेकिन दोनों की फिटनेस पर अंतिम फैसला मेडिकल टीम की रिपोर्ट के बाद होगा। अगर दोनों पूरी तरह फिट होते हैं तो पहले टेस्ट में खेलने की संभावना है।
हरष दुबे और नितीश रेड्डी को नहीं मिली जगह
अफगानिस्तान के खिलाफ एकमात्र टेस्ट मैच के लिए टीम का हिस्सा रहे हर्ष दुबे इस बार चयनकर्ताओं का भरोसा नहीं जीत सके। रविंद्र जडेजा की वापसी और माणव सुथार के शानदार प्रदर्शन के चलते उन्हें बाहर रहना पड़ा। वहीं, चोट से जूझ रहे नितीश कुमार रेड्डी भी स्क्वॉड में जगह नहीं बना सके। वह अफगानिस्तान के खिलाफ वनडे सीरीज के दौरान चोटिल हुए थे और तब से मैदान से बाहर हैं।
15 अगस्त से शुरू होगी टेस्ट सीरीज
पहला टेस्ट: 15 अगस्त से गॉल में
दूसरा मुकाबला: 23 अगस्त से कोलंबो में
चार दिवसीय अभ्यास मैच: 7 अगस्त से कोलंबो में।
श्रीलंका के खिलाफ भारत की टेस्ट टीम
शुभमन गिल (कप्तान), केएल राहुल (उपकप्तान), यशस्वी जायसवाल, ऋषभ पंत (विकेटकीपर), साई सुधर्शन*, ध्रुव जुरेल (विकेटकीपर), रविंद्र जडेजा, कुलदीप यादव, माणव सुथार, जसप्रीत बुमराह*, मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा, गुरनूर बरार, देवदत्त पडिक्कल, सरांश जैन।
(*फिटनेस के अधीन)