स्पोर्ट्स डेस्क : टी20 विश्व कप के तीसरे मैच में अमेरिका के खिलाफ भारतीय प्लेइंग 11 में जसप्रीत बुमराह को शामिल नहीं किया गया है। अमेरिका ने टॉस जीतने के बाद भारत को बल्लेबाजी का न्यौता दिया। इसके बाद भारतीय कप्तान सूर्यकुमार ने बुमराह के पहले मैच से बाहर होने की वजह का खुलासा करते हुए कहा कि वह ठीक नहीं हैं।
सूर्यकुमार यादव ने टॉस के बाद कहा, 'हम पहले बैटिंग करना चाहते थे। यहां पिच अच्छी लग रही है। मैंने यहां बहुत क्रिकेट खेला है। यहां हवा भी चल रही है, इसलिए मुझे नहीं लगता कि बाद में ज्यादा ओस पड़ेगी। बेशक थोड़ा प्रेशर तो होगा ही। हम इस बात से भाग नहीं सकते, लेकिन यह नया टूर्नामेंट है, हम उसी तरह खेलना चाहते हैं जैसे हम पिछले एक-दो सालों से खेल रहे हैं और उसी चीज को जारी रखना चाहते हैं। यह मैच शुरू होने से पहले का माहौल है और मुझे यकीन है कि जब हम बैटिंग शुरू करेंगे, तो यह और भी जबरदस्त होगा। हमारे पास वॉशिंगटन सुंदर और संजू सैमसन नहीं हैं। बदकिस्मती से जसप्रीत बुमराह ठीक नहीं हैं, इसलिए मोहम्मद सिराज खेल रहे हैं।
गौर हो कि इससे पूर्व पहले मैच में बुमराह की अनुपस्थिति को लेकर खबरें सामने आई थी। इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट में कहा गया था कि बुमराह वायरल फीवर से जूझ रहे हैं। इसी वजह से टीम मैनेजमेंट उन्हें पहले मुकाबले में जोखिम में नहीं डालना चाहता। मेडिकल टीम की सलाह पर बुमराह को आराम दिया जा सकता है, ताकि वे जल्द से जल्द पूरी तरह फिट हो सकें। वानखेड़े में होने वाले इस अहम मुकाबले में उन्हें जल्दबाजी में प्लेइंग इलेवन में शामिल नहीं किया जाएगा।
प्लेइंग 11
भारत : इशान किशन (विकेटकीपर), अभिषेक शर्मा, तिलक वर्मा, सूर्यकुमार यादव (कप्तान), रिंकू सिंह, हार्दिक पांड्या, शिवम दुबे, अक्षर पटेल, वरुण चक्रवर्ती, अर्शदीप सिंह, मोहम्मद सिराज
अमेरिका : सैतेजा मुक्कमल्ला, एंड्रीज गौस (विकेटकीपर), मोनांक पटेल (कप्तान), मिलिंद कुमार, संजय कृष्णमूर्ति, हरमीत सिंह, शुभम रंजने, मोहम्मद मोहसिन, शैडली वान शल्कविक, सौरभ नेत्रावलकर, अली खान