स्पोर्ट्स डेस्कः टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भारतीय टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए तीसरी बार खिताब अपने नाम कर लिया। फाइनल में भारत ने न्यूजीलैंड को हराकर ट्रॉफी जीती। इस जीत में भारत के दो खिलाड़ियों का प्रदर्शन सबसे ज्यादा चर्चा में रहा। संजू सैमसन को पूरे टूर्नामेंट में शानदार बल्लेबाजी के लिए प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट चुना गया, जबकि फाइनल मुकाबले में चार विकेट लेने वाले जसप्रीत बुमराह को प्लेयर ऑफ द मैच का अवॉर्ड मिला।
संजू सैमसन का शानदार प्रदर्शन
संजू सैमसन ने इस टूर्नामेंट में कमाल की बल्लेबाजी की। उन्होंने 5 मैचों की 5 पारियों में 321 रन बनाए और भारत की ओर से सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज बने। फाइनल मुकाबले में भी उन्होंने 46 गेंदों पर 89 रनों की शानदार पारी खेलकर टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई।
बुमराह बने फाइनल के हीरो
जसप्रीत बुमराह ने पूरे टूर्नामेंट में शानदार गेंदबाजी की। उन्होंने 14 विकेट लेकर टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाजों में जगह बनाई। वह वरुण चक्रवर्ती के साथ संयुक्त रूप से लीडिंग विकेट टेकर रहे। फाइनल मुकाबले में बुमराह ने 4 विकेट लेकर न्यूजीलैंड की बल्लेबाजी को पूरी तरह से दबाव में ला दिया और टीम की जीत के सबसे बड़े हीरो बने।
तीसरे भारतीय बने संजू सैमसन
संजू सैमसन टी20 वर्ल्ड कप में प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट बनने वाले तीसरे भारतीय खिलाड़ी बन गए हैं। उनसे पहले यह अवॉर्ड 2014 और 2016 में विराट कोहली ने जीता था। 2024 में जसप्रीत बुमराह को यह सम्मान मिला था। अब 2026 में संजू सैमसन ने यह अवॉर्ड जीतकर इस खास सूची में अपना नाम दर्ज करा लिया है।
टी20 वर्ल्ड कप 2026 के बड़े अवॉर्ड
-
प्लेयर ऑफ द मैच (फाइनल): जसप्रीत बुमराह
-
प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट: संजू सैमसन
-
विजेता टीम: भारत
-
रनर-अप टीम: न्यूजीलैंड
-
सबसे ज्यादा विकेट: जसप्रीत बुमराह – 14 विकेट (वरुण चक्रवर्ती के साथ संयुक्त रूप से)
-
सबसे ज्यादा रन: साहिबज़ादा फरहान – 383 रन