Sports

कोलंबो : ऑस्ट्रेलियाई कप्तान मिचेल मार्श ने अपनी टीम की गहराई पर भरोसा जताया कि वे शनिवार से शुरू हो रहे आईसीसी टी20 विश्व कप के दौरान चोटिल तेज गेंदबाज पैट कमिंस और जोश हेजलवुड की कमी नहीं खलने देंगे। कमिंस पीठ में खिंचाव के कारण इस बड़े टूर्नामेंट से बाहर हो गए हैं और हेजलवुड हल्की चोट के कारण ग्रुप चरण के कुछ मैच नहीं खेल पाएंगे। 

विश्व कप से पहले यहां कप्तानों की प्रेस कांफ्रेंस के दौरान मार्श ने कहा, 'मुझे लगता है कि हमने कई पहलुओं को कवर किया है। पैट और जोश के बारे में सबसे अच्छी बात यह है कि वे तीनों प्रारूप के खिलाड़ी हैं जिससे हम अपनी टीम में काफी गहराई बना पाए हैं और जो खिलाड़ी आए हैं, उन्होंने हमारे लिए काफी क्रिकेट खेला है।' 

मार्श को उम्मीद है कि ऑस्ट्रेलियाई स्पिनर श्रीलंकाई पिचों पर अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करेंगे जो आमतौर पर धीमी गति के गेंदबाजों के लिए बेहतरीन होती हैं। उन्होंने कहा, 'हमें उन पर पूरा भरोसा है कि वे मैदान पर जाकर जरूरत पड़ने पर काम करेंगे और फिर हम परिस्थितियों के आधार पर टीम चुनेंगे। मैथ्यू कुहनेमैन हमारे लिए शानदार रहे हैं।' 

मार्श ने कहा, 'हमारे पास एडम जम्पा भी हैं और हमारे पास कुछ स्पिन ऑलराउंडर भी हैं जैसा कि ज्यादातर टीमों के पास होंगे।' विश्व कप के लिए ऑस्ट्रेलिया की तैयारी आदर्श नहीं थी क्योंकि वे पाकिस्तान के खिलाफ टी20 अंतरराष्ट्रीय सीरीज 0-3 से हार गए थे। लेकिन मार्श ने इसे ज्यादा गंभीरता से नहीं लिया। उन्होंने कहा, 'देखिए पाकिस्तान तो पाकिस्तान था। हमारे कुछ खिलाड़ी नहीं थे और हम यहां लंबी तैयारी के साथ आए हैं, एक अच्छा ट्रेनिंग सत्र हुआ है।' ऑस्ट्रेलिया को ग्रुप बी में आयरलैंड, श्रीलंका, जिम्बाब्वे और ओमान के साथ रखा गया है।