Sports

स्पोर्ट्स डेस्क: IPL 2026 में RCB और DC के बीच होने वाले मुकाबले से पहले विराट कोहली की भूमिका को लेकर बड़ा सवाल खड़ा हो गया है। मुंबई इंडियंस के खिलाफ मैच में लगी एंकल इंजरी और हालिया बीमारी के कारण कोहली पूरी तरह फिट नहीं हैं। यही वजह रही कि उन्हें पिछले मैच में इम्पैक्ट प्लेयर के रूप में इस्तेमाल किया गया।

इम्पैक्ट प्लेयर बनकर खेल चुके हैं कोहली

लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ मुकाबले में पहली बार IPL करियर में कोहली इम्पैक्ट सब्स्टीट्यूट के तौर पर मैदान में उतरे। उन्होंने केवल बल्लेबाजी करते हुए 49 रन की अहम पारी खेली और टीम को 147 रन का लक्ष्य हासिल करने में मदद की। हालांकि, वह फील्डिंग के दौरान मैदान में नहीं उतरे थे।

हेजलवुड ने दिया बड़ा बयान

RCB के तेज गेंदबाज जोश हेजलवुड ने प्री-मैच प्रेस कॉन्फ्रेंस में कोहली की उपलब्धता को लेकर स्थिति साफ की। उन्होंने कहा: 'वह जरूर खेलेंगे, लेकिन यह इस बात पर निर्भर करेगा कि वह फील्डिंग में कितना योगदान दे सकते हैं। वह टीम में जबरदस्त ऊर्जा लाते हैं और हमारे बेहतरीन फील्डर्स में से एक हैं।' हेजलवुड के इस बयान से साफ है कि कोहली प्लेइंग इलेवन का हिस्सा रहेंगे, लेकिन उनका रोल मैच की स्थिति और फिटनेस पर निर्भर करेगा।

RCB की नजर पांचवीं जीत पर

RCB इस सीजन में शानदार प्रदर्शन कर रही है और टीम की नजर अपनी पांचवीं जीत पर है। Josh Hazlewood की वापसी के बाद गेंदबाजी और मजबूत हुई है। LSG के खिलाफ उन्होंने 4 ओवर में सिर्फ 20 रन देकर एक विकेट लिया और प्लेयर ऑफ द मैच बने।

हेजलवुड ने चोट से वापसी पर कहा कि इस ब्रेक ने उन्हें अपने शरीर को बेहतर समझने का मौका दिया और उन्होंने वापसी में जल्दबाजी नहीं की। अब वह पूरी तरह फिट होकर टीम के लिए योगदान दे रहे हैं।

क्या होगा कोहली का रोल?

अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ मैच में कोहली फुल-टाइम खिलाड़ी के रूप में उतरेंगे या फिर एक बार फिर इम्पैक्ट प्लेयर की भूमिका निभाएंगे। टीम मैनेजमेंट उनकी फिटनेस को ध्यान में रखते हुए फैसला ले सकती है।