स्पोर्ट्स डेस्क : आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 को लेकर चल रहे विवाद के बीच इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) ने बड़ा बयान दिया है। आईसीसी ने साफ कर दिया है कि भारत में अपने मुकाबले खेलने से इनकार करने वाले बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) पर कोई भी प्रतिबंध या सज़ा नहीं लगाई जाएगी। इस फैसले से पाकिस्तान के बहिष्कार की धमकी और दक्षिण एशियाई क्रिकेट में बने तनाव के बीच राहत की खबर सामने आई है।
ICC ने क्यों लिया ये फैसला
आईसीसी ने यह निर्णय बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) और पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) के साथ कई दौर की बातचीत के बाद लिया। पाकिस्तान ने पहले बांग्लादेश के समर्थन में 15 फरवरी को भारत के खिलाफ होने वाले टी20 वर्ल्ड कप मैच के बहिष्कार का ऐलान किया था। आईसीसी ने स्पष्ट किया कि बांग्लादेश के खिलाफ किसी भी तरह की आर्थिक, खेल या प्रशासनिक कार्रवाई नहीं की जाएगी।
ICC का आधिकारिक बयान
आईसीसी ने अपने बयान में कहा कि इस पूरे मामले को निष्पक्षता और तटस्थता के आधार पर संभाला गया है। संस्था का फोकस सदस्य बोर्डों को दंडित करने के बजाय उनका समर्थन करना है। साथ ही आईसीसी ने यह भी स्पष्ट किया कि यदि बांग्लादेश चाहे तो वह विवाद समाधान समिति (Dispute Resolution Committee) का रुख भी कर सकता है।
सुरक्षा कारणों से भारत आने से इनकार
बांग्लादेश ने सुरक्षा चिंताओं का हवाला देते हुए भारत में टी20 वर्ल्ड कप के अपने मैच खेलने से इनकार कर दिया था। इसके बाद आईसीसी ने बांग्लादेश की जगह स्कॉटलैंड को टूर्नामेंट में शामिल किया।
बांग्लादेश को मिलेगी बड़ी मेज़बानी
आईसीसी ने यह भी पुष्टि की कि समझौते के तहत बांग्लादेश को 2028 से 2031 के बीच एक आईसीसी टूर्नामेंट की मेज़बानी सौंपी जाएगी। यह फैसला 2031 में होने वाले पुरुष वनडे वर्ल्ड कप से पहले लिया गया है। आईसीसी ने कहा कि यह कदम बांग्लादेश की मेज़बानी क्षमता पर भरोसे और देश में क्रिकेट को आगे बढ़ाने की प्रतिबद्धता को दर्शाता है।
ICC CEO संजोग गुप्ता का बयान
आईसीसी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी संजोग गुप्ता ने कहा कि टी20 वर्ल्ड कप से बांग्लादेश की गैरमौजूदगी दुर्भाग्यपूर्ण है, लेकिन इससे वैश्विक क्रिकेट में उसकी स्थिति पर कोई असर नहीं पड़ेगा। उन्होंने कहा कि आईसीसी भविष्य में बांग्लादेश क्रिकेट के विकास और खिलाड़ियों के लिए नए अवसर तैयार करने को लेकर पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
पाकिस्तान से बातचीत और अपील
BCB अध्यक्ष अमीनुल इस्लाम ने रविवार को पाकिस्तान का दौरा किया, जहां उन्होंने पीसीबी चेयरमैन मोहसिन नक़वी से मुलाकात की। इसके अलावा आईसीसी के साथ एक वर्चुअल मीटिंग में भी हिस्सा लिया गया। ढाका से जारी बयान में अमीनुल इस्लाम ने कहा कि उन्होंने पाकिस्तान से क्रिकेट के हित में भारत के खिलाफ मैच का बहिष्कार वापस लेने की अपील की है।सूत्रों के मुताबिक, नक़वी ने अमीनुल से औपचारिक अपील करने को कहा, जिससे पाकिस्तान बिना तनाव बढ़ाए अपने फैसले से पीछे हट सके।
विवाद की जड़ क्या थी
यह पूरा विवाद तब शुरू हुआ जब बांग्लादेशी तेज़ गेंदबाज़ मुस्ताफिज़ुर रहमान को बीसीसीआई के निर्देश पर उनकी आईपीएल फ्रेंचाइज़ी से रिलीज़ किया गया। इसके बाद बांग्लादेश ने भारत दौरे से इनकार कर दिया, जिससे मामला और बढ़ गया।
ICC ने दोहराया बांग्लादेश का दर्जा
आईसीसी ने अंत में दोहराया कि बांग्लादेश एक पूर्ण सदस्य (Full Member) है और उसका क्रिकेट इतिहास मजबूत रहा है। संस्था ने साफ किया कि टी20 वर्ल्ड कप में न खेलने से बांग्लादेशी क्रिकेट के भविष्य पर कोई दीर्घकालिक असर नहीं पड़ेगा।आईसीसी ने यह भी कहा कि सभी पक्ष लगातार संवाद बनाए रखने और क्रिकेट की एकता व गरिमा की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध हैं।