Sports

स्पोर्ट्स डेस्क : Suryakumar Yadav की कप्तानी वाली मुंबई इंडियंस (MI) का IPL 2026 अभियान आखिरकार खत्म हो गया। रायपुर में खेले गए बेहद रोमांचक मुकाबले में Royal Challengers Bengaluru ने आखिरी गेंद पर 2 विकेट से जीत दर्ज कर MI को टूर्नामेंट से बाहर कर दिया।

यह मुकाबला सीजन के सबसे रोमांचक मैचों में से एक साबित हुआ, जहां आखिरी गेंद तक जीत-हार का फैसला नहीं हो पाया। हार के बाद सूर्यकुमार यादव ने बल्लेबाजी में हुई गलतियों और “गलत समय पर विकेट गिरने” को हार की बड़ी वजह बताया।

‘हम 10-15 रन पीछे रह गए’

मैच के बाद सूर्यकुमार यादव ने स्वीकार किया कि मुंबई इंडियंस निर्धारित स्कोर से पीछे रह गई थी। उन्होंने कहा कि बीच के ओवरों में विकेट गिरने का समय टीम के लिए भारी पड़ गया। सूर्यकुमार यादव ने कहा, 'मुझे लगता है कि हम 10-15 रन कम बना पाए। बल्लेबाजी के दौरान गलत समय पर विकेट गंवाना हमारे लिए नुकसानदायक रहा। नमन और तिलक ने शानदार बल्लेबाजी की और दबाव में भी बेहतरीन चरित्र दिखाया।'

राज बावा और बॉश की जमकर तारीफ

MI कप्तान ने युवा ऑलराउंडर Raj Bawa की डेथ बॉलिंग की जमकर तारीफ की। उन्होंने कहा कि बावा ने पूरे सीजन अलग स्तर का प्रदर्शन किया। उन्होंने कहा, 'राज बावा डेथ बॉलिंग की काफी प्रैक्टिस कर रहा था। इस सीजन वह बिल्कुल अलग ऑलराउंडर नजर आया। उसने लगभग मैच हमारे लिए निकाल ही दिया था।' सूर्यकुमार ने साथ ही Corbin Bosch की भी तारीफ करते हुए कहा कि उन्होंने पावरप्ले समेत हर फेज में शानदार गेंदबाजी की।

तिलक वर्मा की फील्डिंग ने जीता दिल

MI कप्तान ने Tilak Varma की फील्डिंग की भी सराहना की। तिलक ने पहले कैच छोड़ने के बाद दोबारा शानदार प्रयास करते हुए कैच पूरा किया। सूर्यकुमार ने कहा, 'ये वही चीजें हैं जिनकी आप लगातार प्रैक्टिस करते हैं। जिस तरह तिलक वापस आए और कैच पूरा किया, उससे साफ दिखा कि वह कुछ खास करना चाहते थे। यह खेल का हिस्सा है।'

‘यह हार पचाना मुश्किल’

मुंबई इंडियंस की जल्दी विदाई से सूर्यकुमार यादव काफी भावुक नजर आए। उन्होंने कहा कि टीम इस तरह की स्थिति की आदी नहीं है। उन्होंने कहा, 'हम सिर्फ इस खेल को खेलने की कोशिश करते हैं क्योंकि हमें क्रिकेट से प्यार है। हम अक्सर ऐसी स्थिति में नहीं रहते। यह हार पचाना काफी मुश्किल है। उम्मीद है कि अगले साल हम और मजबूती से वापसी करेंगे।'

आखिरी गेंद तक चला हाई-वोल्टेज मुकाबला

रायपुर के शहीद वीर नारायण सिंह इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में पहले बल्लेबाजी करते हुए मुंबई इंडियंस ने 20 ओवर में 166/7 रन बनाए। Tilak Varma ने 42 गेंदों में 57 रन की शानदार पारी खेली, जबकि Naman Dhir ने 47 रन जोड़कर टीम को संभाला। हालांकि दोनों के आउट होने के बाद MI तेजी से रन नहीं बना सकी। RCB की ओर से Bhuvneshwar Kumar ने घातक गेंदबाजी करते हुए 4/23 विकेट झटके।

क्रुणाल पंड्या बने जीत के हीरो

167 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए RCB ने सिर्फ 39 रन पर 3 विकेट गंवा दिए थे। इसके बाद Krunal Pandya ने 46 गेंदों में 73 रन की मैच जिताऊ पारी खेलकर टीम को मुकाबले में वापस ला दिया। हालांकि MI ने क्रुणाल के आउट होने के बाद जोरदार वापसी की और मैच को आखिरी गेंद तक पहुंचा दिया। अंतिम गेंद पर RCB को 2 रन चाहिए थे और टीम ने रोमांचक अंदाज में लक्ष्य हासिल कर लिया।